Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

हरदा : गरबा प्रतियोगिता में सीहोर प्रथम, द्वितीय स्थान पर रहा लालमाटी

हरदा के हंडिया में मां आदिशक्ति गरबा महोत्सव में 17 मंडलों ने हिस्सा लिया। सीहोर के एमएलडी गरबा ग्रुप ने 51 हजार रुपये का प्रथम पुरस्कार जीता।
हरदा : गरबा प्रतियोगिता में सीहोर प्रथम, द्वितीय स्थान पर रहा लालमाटी
पुरस्कार प्राप्त करती विजयी टीम

हरदा। जिले की धार्मिक नगरी हंडिया में नवरात्रि के पावन पर्व पर बजरंग सेना के तत्वावधान में मां आदिशक्ति गरबा महोत्सव का आयोजन किया गया। इसमें भक्ति, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में हरदा समेत आसपास के जिलों से आए 17 गरबा मंडलों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में एमएलडी गरबा ग्रुप सीहोर ने प्रथम स्थान हासिल कर 51 हजार रुपये का पुरस्कार जीता।

भारत माता की आरती के साथ हुआ शुभारंभ

गरबा महोत्सव की शुरुआत भारत माता की सामूहिक आरती के साथ हुई। आरती के माध्यम से राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया। इसके बाद मां आदिशक्ति की आराधना के बीच गरबा प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें शामिल मंडलों ने अपनी नृत्य कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।

सीहोर प्रथम, लालमाटी दूसरे स्थान पर

प्रतियोगिता में एमएलडी गरबा ग्रुप सीहोर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर 51 हजार रुपए का पुरस्कार जीता। वहीं, जय मां आशा देवी गरबा मंडल, लालमाटी खंडवा ने दूसरा स्थान हासिल कर 31 हजार रुपए और आरजेएस गरबा मंडल खंडवा ने तीसरा स्थान प्राप्त कर 21 हजार रुपए का पुरस्कार जीता। नृत्य गरबा मंडल ग्रुप इटारसी चौथे स्थान पर रहा, जिसे 11 हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया। प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए सांत्वना पुरस्कार भी निर्धारित किए गए थे।

Breaking News

निर्णायक मंडल ने किया प्रस्तुतियों का मूल्यांकन

गरबा मंडलों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन वरिष्ठ नागरिक गिरीश गांगोले, अशोक सोलंकी और राजेश वर्मा ने निर्णायक के रूप में किया। निर्णायक मंडल ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के बाद परिणाम घोषित किए। देर रात तक चले इस आयोजन में दर्शकों की खासी भीड़ रही।

Uttam Tenguriya
By Uttam Tenguriya

हरदा जिला ब्यूरों - पीपुल्स समाचार संभागीय अध्यक्ष ( नर्मदापुरम) - पत्रकार कल्याण परिषद संचालक -...

Latest Posts