Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गर्भवती महिला अपहरण केस में 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

गर्भवती महिला के कथित अपहरण मामले में पुलिस ने 10 हजार के इनामी आरोपी प्रदीप सिंह गुर्जर को गिरफ्तार किया है।
गर्भवती महिला अपहरण केस में 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
कल्ली गुर्जर

ग्वालियर। तिघरा थाना क्षेत्र में बंदूक की नोक पर गर्भवती महिला के कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रदीप सिंह गुर्जर (33), निवासी ग्राम तोर, जिला मुरैना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रदीप सिंह गुर्जर कैंथा गांव के पास शीतला माता मंदिर के नजदीक घटिया क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर तिघरा थाना प्रभारी शिवराम सिंह कंसाना के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ कथित वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। आरोपी को आगे की पूछताछ और कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।

8 अक्टूबर 2025 को हुई थी वारदात

पुलिस के मुताबिक ग्राम गुर्जा निवासी बृजलाल गुर्जर ने 8 अक्टूबर 2025 को तिघरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार उनके बेटे गिर्राज गुर्जर का विवाह वर्ष 2024 में श्योपुर जिले की अंजू गुर्जर से हुआ था। आरोप है कि जोगेंद्र उर्फ जोगा उर्फ योगी गुर्जर विवाह का विरोध करता था और परिवार को धमकियां देता था। शिकायत के मुताबिक 8 अक्टूबर की शाम वह अपने साथियों के साथ हथियार लेकर घर पहुंचा। आरोपियों पर फायरिंग और मारपीट करने तथा गर्भवती अंजू गुर्जर को कथित तौर पर बंदूक की नोक पर ले जाने का आरोप है।

मामले में अब तक 9 इनामी आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक नौ इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

कल्ली गुर्जर पर 60 हजार रुपए का इनाम

पुलिस के अनुसार प्रदीप गुर्जर कुख्यात डकैत कल्ली गुर्जर और योगी के संपर्क में रहा है। कल्ली गुर्जर पर 60 हजार रुपए का इनाम घोषित बताया गया है। पुलिस उसकी तलाश भी कर रही है।

पुलिस ने बताया सोशल मीडिया पर भी सक्रिय

पुलिस के मुताबिक फरार कल्ली गुर्जर सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो पोस्ट करता रहा है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देकर उसकी तलाश में जुटी है। एएसपी सिटी सुजावल जग्गा के अनुसार, तिघरा पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है और उससे पूछताछ जारी है।

Ambrish Anand
By Ambrish Anand

Latest Posts