Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुना में स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 6 माह में मिली 85.77 लाख रुपये की छूट

गुना में आरडीएसएस के तहत स्मार्ट मीटरों की उपयोगिता को लेकर मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। जिले में अब तक 31,496 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। फरवरी से जुलाई 2026 के बीच 77,376 उपभोक्ताओं को टीओडी टैरिफ के तहत 85.77 लाख रुपये की छूट मिली। 
गुना में स्मार्ट मीटर से उपभोक्ताओं को बड़ी राहत, 6 माह में मिली 85.77 लाख रुपये की छूट
गुना में स्मार्ट मीटर और उपभोक्ताओं को दी गई छूट की जानकारी कलेक्टर ने दी।

गुना। जिले में भारत सरकार की रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के तहत लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की उपयोगिता और फायदों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टोरेट कार्यालय में एक मीडिया कार्यशाला का आयोजन किया गया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने मीडियाकर्मियों से बिजली कंपनी की जनहितैषी योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।

जिले में 31, 496 मीटर लगे

कलेक्टर ने बताया कि जिले में अब तक 31 हजार 496 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सोलर आवर्स (सुबह 9 से शाम 5 बजे तक) में बिजली खपत पर टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ के तहत सामान्य दर में 20 प्रतिशत की छूट दी जा रही है। फरवरी से जुलाई 2026 तक के 6 महीनों में गुना के 77 हजार 376 उपभोक्ताओं को कुल 85 लाख 77 हजार रुपये की टीओडी छूट का लाभ बिलों में मिल चुका है।

ऑटोमेटिक सटीक रीडिंग, मानवीय हस्तक्षेप खत्म

स्मार्ट मीटर सेल के उप मुख्य महाप्रबंधक सी.के. पवार ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद घर पर रीडिंग लेने की आवश्यकता नहीं रहती। इसमें ऑटोमेटिक सटीक रीडिंग होती है और गड़बड़ी की गुंजाइश खत्म हो जाती है। उपभोक्ता मोबाइल ऐप के माध्यम से दैनिक व साप्ताहिक खपत ट्रैक कर आगामी बिल का पूर्वानुमान लगा सकते हैं।

संपर्क अभियान में 9 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण

महाप्रबंधक अशोक कुमार शर्मा ने बताया कि 'संपर्क अभियान 2026' के तहत जिले में आयोजित 247 शिविरों में 9 हजार 138 उपभोक्ताओं की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। कार्यशाला में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी भी दी गई। इस दौरान उप महाप्रबंधक राय सिंह मालवीय, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनोज द्विवेदी व जिला जनसंपर्क अधिकारी शुभम शर्मा उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन अपर्णा चौरसिया ने किया। 

Rajkumar Rajak
By Rajkumar Rajak

Latest Posts