गुना में सेवा भारती ने 501 कन्याओं का किया पूजन, कन्या भोज कर लिया आशीर्वाद

गुना। सेवा भारती जिला गुना की ओर से बूढ़े बालाजी मंदिर परिसर में कन्या पूजन एवं कन्या भोज का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बूढ़े बालाजी सेवा बस्ती की 501 कन्याओं का विधि-विधान से पूजन किया गया और उन्हें सम्मानपूर्वक भोजन कराया गया। इस दौरान अतिथियों और कार्यकर्ताओं ने कन्याओं के चरण पखारे, तिलक लगाकर पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
भारत माता के पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत माता के पूजन के साथ हुई। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी रेसु सुमन उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेवा भारती जिला अध्यक्ष नर्मदा शंकर भार्गव ने की। वहीं, सेवा भारती जिला सचिव मनोज रघुवंशी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि के तौर पर ओमप्रकाश बंसल और सेवा भारती विभाग समन्वयक प्रमोद यादव मंच पर मौजूद रहे।
कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का प्रतीक
मुख्य वक्ता मनोज रघुवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति में कन्याओं को देवी का स्वरूप मानकर उनकी पूजा करने की परंपरा रही है। कन्या पूजन धार्मिक आस्था, संस्कार और नारी शक्ति के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कन्याओं का सम्मान करना और उनमें देवी का स्वरूप देखना हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
सेवा और संस्कार का संदेश लेकर संपन्न हुआ आयोजन
इस आयोजन का उद्देश्य समाज में धार्मिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कन्याओं के सम्मान का संदेश देना रहा। कार्यक्रम में विजय श्रीवास्तव, सुनील पांडे, ब्रजेश श्रीवास्तव, मनोज सेन, काशीराम उरैया, भंवरलाल पंत, वीरेंद्र अहिरवार, डॉ. भूपेंद्र धाकरे, राजेश चौहान, दिनेश जाटव और मुन्ना यादव सहित सेवा भारती के कार्यकर्ता एवं संस्कार केंद्र की दीदियां उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन सेवा भारती कार्यालय प्रमुख नरेंद्र सिंह सेंगर ने किया। अंत में सेवा भारती अन्नपूर्णा भोजनालय के सचिव सुनील पांडे ने अतिथियों, कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन श्रद्धा, सेवा और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण के भाव के साथ संपन्न हुआ।




















