गुलाबगंज में सड़क की बदहाली पर फूटा लोगों का गुस्सा, सिंधिया के सामने रखी मांग; बोले- चुनाव में वोट नहीं देंगे

गुना के कैंट क्षेत्र स्थित गुलाबगंज में स्थानीय लोगों ने केंद्रीय मंत्री और क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने सड़क की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाया। लोगों ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण रोजाना आवागमन में परेशानी हो रही है।
30 से 35 गांवों के लोगों का होता है आवागमन
स्थानीय लोगों के अनुसार इस सड़क से करीब 30 से 35 गांवों के लोग आवागमन करते हैं। सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण ग्रामीणों और अन्य राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने सिंधिया के सामने सड़क का निर्माण कराने की मांग रखी।
'सड़क नहीं बनी तो वोट नहीं देंगे'
सड़क की समस्या को लेकर लोगों ने अपनी नाराजगी भी जाहिर की। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से सड़क की हालत खराब है और गड्ढों के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। इस दौरान कुछ लोगों ने कहा कि अगर सड़क का निर्माण नहीं कराया गया तो आगामी चुनाव में वे वोट नहीं देंगे। जनता ने सड़क की समस्या के जल्द समाधान की मांग केंद्रीय मंत्री के सामने रखी।




















