इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

Holi 2023 : भस्म आरती में महाकाल को चढ़ाया गुलाल, रंगों से सराबोर हुआ बाबा का दरबार; भक्तों ने खेली होली

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में मंगलवार तड़के भस्मारती में महाकाल को अबीर-गुलाल चढ़ाया गया। बाबा महाकाल के होली खेलने के साथ ही देशभर में होली का उत्सव शुरू हो गया है। भस्म आरती में पुजारियों और भक्तों ने बाबा महाकाल के साथ जमकर होली खेली। महाकाल पर अबीर-गुलाल के साथ-साथ फूल भी बरसाए गए।

पूरा महाकाल मंदिर परिसर रंगों से सराबोर हो गया। सोमवार को महाकाल मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ होलिका दहन किया गया था।

उज्जैन से हुई होली पर्व की शुरुआत

देश भर में मनाए जाने वाले होली के त्योहार की शुरुआत धार्मिक नगरी उज्जैन से हो गई है। महाकाल मंदिर में हर त्योहार सबसे पहले मनाया जाता है, इसके बाद शहरवासी इसे मनाते हैं। इस बार होली पर्व दो दिन मनाया जा रहा है, शहर में कुछ स्थानों पर सोमवार को होलिका दहन हुआ तो बाकी स्थानों पर आज होलिका दहन होगा और बुधवार को धुलेंडी मनाई जाएगी।

गर्भगृह में जमकर उड़ाया गुलाल

बाबा महाकाल के दरबार में होली का उत्सव धूम-धाम से मनाया गया। सुबह 4 बजे भस्मारती में पण्डे-पुजारियों ने महाकाल के साथ होली खेली। गर्भगृह में जमकर गुलाल उड़ाया। भस्म आरती में देश भर के हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। होली पर भस्म आरती में शामिल हुए भक्त भी रंगों में सराबोर नजर आए। महाकाल को मंदिर में अर्पित होने वाले फूलों के रंग ही चढ़ाए गए। 5 क्विंटल टेसू के फूलों से प्राकृतिक रंग बनाया गया था।

मध्य प्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button