PlayBreaking News

जामनगर में 'दृश्यम' जैसी वारदात...पति को कारखाने में दफनाया, शराब में मिलाया साइनाइड; प्रेमी संग परिवार को 2 साल तक बनाती रही बेवकूफ

गुजरात के जामनगर में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर शव को कारखाने में 10 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। करीब दो साल तक वह परिवार को यह कहकर गुमराह करती रही कि उसका पति ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
Follow on Google News
पति को कारखाने में दफनाया, शराब में मिलाया साइनाइड; प्रेमी संग परिवार को 2 साल तक बनाती रही बेवकूफ
पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर शव दफनाया

गुजरात के जामनगर से एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पुराने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, मृतक जिग्नेश मावदिया को पार्टी का बहाना बनाकर कारखाने में बुलाया गया था। जांच में सामने आया कि कारखाने में जिग्नेश को शराब पिलाई गई। आरोप है कि शराब में साइनाइड मिलाया गया था। जहरीली शराब पीने के बाद उसकी मौत हो गई।

10 फीट गहरे गड्ढे में दफनाया शव

हत्या के बाद आरोपियों ने कारखाने के अंदर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। इसके बाद सबूत मिटाने की कोशिश की गई, ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे।

दो साल तक परिवार को बोलती रही झूठ

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पत्नी करीब दो साल तक परिवार और रिश्तेदारों से झूठ बोलती रही कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में नौकरी कर रहा है। जब भी परिवार वाले उसका फोन नंबर मांगते, वह कोई न कोई बहाना बना देती थी।

एक सवाल से खुल गया पूरा राज

हाल ही में परिवार का एक सदस्य ऑस्ट्रेलिया जाने वाला था। उसने जिग्नेश से मिलने के लिए उसका फोन नंबर मांगा। आरोपी पत्नी कोई जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत करने की बात कही, जिससे वह घबरा गई।

भाई की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

मृतक के भाई अशोक मावदिया ने जामनगर के सिटी बी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

crime news

आरोपियों की निशानदेही पर मिला शव

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद कारखाने में खुदाई कराई गई। करीब 10 फीट नीचे से मृतक के अवशेष बरामद किए गए हैं। अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस अब इस मामले में एक अन्य संदिग्ध की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक रिपोर्ट और पूछताछ के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts