Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

गुजरात: भूपेंद्र पटेल आज लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, 2017 में पहली बार घाटलोडिया सीट से लड़ा था चुनाव

अहमदाबाद। भूपेंद्र पटेल गुजरात के नए मुख्यमंत्री होंगे। वह आज दोपहर 2.20 बजे राज्य के 17वें मुख्यमंत्री के तौर पर पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल ने कहा कि पटेल आज अकेले ही शपथ लेंगे। इससे पहले रविवार शाम को भूपेंद्र पटेल ने राजभवन में राज्यपाल आचार्य देवव्रत से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। पहली बार विधायक बने पटेल का चयन कर भाजपा ने एक बार फिर सभी को चौंका दिया। रविवार को विधायक दल की बैठक में पाटीदार समाज से संबंध रखने वाले पटेल को सर्वसम्मति से नेता चुना गया था।

सर्वसम्मति से चुने गए सीएम

55 साल के भूपेंद्र पटेल को रविवार को अहमदाबाद में सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल का नेता चुन लिया गया था। मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा था। सीएम रूपाणी ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। 182 सदस्यीय विधानसभा में बीजेपी के 112 विधायकों में से अधिकतर बैठक में उपस्थित थे। वहीं विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर भूपेंद्र यादव, नरेंद्र सिंह तोमर, प्रह्लाद जोशी और पार्टी महासचिव तरुण चुघ भी मौजूद थे।

रिकॉर्ड जीत हासिल की थी

भूपेंद्र पटेल ने नगर पालिका स्तर के नेता से लेकर प्रदेश की राजनीति में शीर्ष पद तक का सफर तय किया है। पटेल ने 2017 में पहली बार राज्य की घाटलोडिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और 1.17 लाख से अधिक वोटों से जीत हासिल की। यह उस चुनाव में एक रिकॉर्ड था। उन्हें 1.75 लाख से ज्यादा वोट मिले थे। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के शशिकांत पटेल को 57,902 वोट ही मिले थे। अपने समर्थकों के बीच ‘दादा’ के नाम से पुकारे जाने वाले पटेल गुजरात की पूर्व सीएम और यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के करीबी माने जाते हैं। वह जिस विधानसभा का प्रतिनिधित्व करते हैं, वो गांधीनगर लोकसभा सीट का हिस्सा है, जहां से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सांसद हैं।

स्थानीय राजनीति में सक्रिय थे

भूपेंद्र पटेल 2015 से 2017 तक अहमदाबाद शहरी विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष रह चुके हैं। वह 2010 से 2015 तक गुजरात अहमदाबाद नगर निगम की स्थायी समिति के अध्यक्ष रहे। सिविल इंजी में डिप्लोमा रखने वाले पटेल विधायकी का चुनाव लड़ने से पहले स्थानीय राजनीति में सक्रिय थे। वह अहमदाबाद जिले की मेमनगर नगरपालिका के सदस्य रहे और दो बार इसके अध्यक्ष बने। पटेल पाटीदार समुदाय के सामाजिक-आर्थिक विकास को समर्पित संगठन सरदारधाम विश्व पाटीदार केंद्र के न्यासी भी हैं।

करीब पांच साल सीएम रहे रूपाणी

विजय रूपाणी ने 7अगस्त 2016 को गुजरात के सीएम के रूप में कार्यभार संभाला था। वह वर्तमान में गुजरात के राजकोट पश्चिम के विधायक हैं। 2017 में हुए चुनाव में उनके नेतृत्व में भाजपा ने राज्य की 182 सीटों में से 99 पर जीत हासिल की थी। वहीं मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस को 77 सीटें मिली थी।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts