vikrant gupta
8 Oct 2025
Shivani Gupta
7 Oct 2025
बिजनेस डेस्क। भारत में सोने की कीमतों ने एक बार फिर नया रिकॉर्ड बना लिया है। 6 अगस्त को इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 24 कैरेट सोने की कीमत 596 रुपए की तेज बढ़त के साथ 1,00,672 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। इससे पहले सोने का उच्चतम स्तर 1,00,076 रुपए प्रति 10 ग्राम था। इस साल की शुरुआत से अब तक सोना 24,510 रुपए प्रति 10 ग्राम महंगा हो चुका है।
सिर्फ सोना ही नहीं, बल्कि चांदी की कीमतों में भी भारी बढ़त देखने को मिली है। 1,154 रुपए की तेजी के साथ चांदी अब 1,13,576 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई है। इससे पहले यह 1,12,422 रुपए प्रति किलो थी। हालांकि, चांदी का अब तक का सर्वोच्च स्तर 23 जुलाई को 1,15,850 रुपए प्रति किलो रहा है।
देश के प्रमुख महानगरों में 24 कैरेट सोने की कीमतों में भारी अंतर देखने को नहीं मिला। दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,02,480 रुपए प्रति 10 ग्राम और 22 कैरेट की 93,950 रुपए रही। मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में 24 कैरेट सोना 1,02,330 रुपए और 22 कैरेट 93,800 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बिक रहा है। भोपाल में 24 कैरेट सोने की कीमत 1,02,270 रुपए और 22 कैरेट की 93,850 रुपए प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई।
केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि अमेरिका द्वारा घोषित टैरिफ और वैश्विक स्तर पर बढ़ती जियोपॉलिटिकल टेंशन के कारण निवेशकों का रुझान सुरक्षित निवेश यानी गोल्ड की ओर बढ़ा है। यही वजह है कि गोल्ड की कीमतों को मजबूत सपोर्ट मिल रहा है और आने वाले महीनों में इसकी मांग और बढ़ सकती है।
ये भी पढ़ें: ऋषभ पंत ने गरीब छात्रा की पढ़ाई का सपना किया पूरा, 12वीं में 83% अंक, BCA के लिए नहीं थे पैसे, पंत ने भरी फीस
केडिया का अनुमान है कि इस साल के अंत तक सोने की कीमतें 1 लाख 4 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती हैं। वहीं, चांदी की कीमतें 1 लाख 30 हजार रुपए प्रति किलो तक जा सकती हैं।
बीते साल 2024 में सोने की कीमतों में लगभग 12,810 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि 2025 में अब तक यह आंकड़ा 24,510 रुपए का हो चुका है। 1 जनवरी 2025 को सोना 76,162 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो अब बढ़कर 1,00,672 रुपए पर पहुंच गया है। चांदी की कीमत भी इस अवधि में 86,017 रुपए से बढ़कर 1,13,576 रुपए हो गई है, यानी लगभग 27,559 रुपए की छलांग।
विशेषज्ञों का कहना है कि उपभोक्ताओं को केवल सर्टिफाइड और हॉलमार्क लगे हुए गोल्ड की ही खरीद करनी चाहिए। ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड (BIS) द्वारा निर्धारित हॉलमार्किंग प्रणाली के तहत अब हर सोने के आभूषण पर 6 अंकों का एक यूनिक कोड होता है, जिसे HUID यानी हॉलमार्क यूनिक आइडेंटिफिकेशन नंबर कहते हैं। यह कोड अल्फान्यूमेरिक होता है, जैसे- AZ4524। इसके जरिए ग्राहक यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि खरीदा गया सोना कितने कैरेट का है और यह प्रमाणित है या नहीं।