Gold-Silver Price Today:सोना 3341 महंगा होकर ₹1.46 लाख के पार, चांदी में ₹5008 की तेजी; इस साल ₹13 हजार चढ़ा गोल्ड

सोना और चांदी की कीमतों में 3 जुलाई को लगातार चौथे कारोबारी दिन तेजी दर्ज की गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक 24 कैरेट 10 ग्राम सोने का भाव 3,341 रुपए बढ़कर 1,46,344 रुपए पर पहुंच गया। इससे पहले 2 जुलाई को इसकी कीमत 1,43,003 रुपए प्रति 10 ग्राम थी। वहीं चांदी की कीमत में भी बड़ी छलांग देखने को मिली। एक किलो चांदी 5,008 रुपए महंगी होकर 2,33,858 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई। एक दिन पहले इसका भाव 2,28,850 रुपए प्रति किलो था।
चार दिनों में सोना ₹4,686 और चांदी ₹13,374 महंगी
पिछले चार कारोबारी दिनों के दौरान दोनों कीमती धातुओं में लगातार तेजी बनी हुई है। इस अवधि में सोने की कीमत 4,686 रुपए प्रति 10 ग्राम बढ़ी है, जबकि चांदी 13,374 रुपए प्रति किलो महंगी हो चुकी है। सोमवार को 10 ग्राम सोना करीब 1.41 लाख रुपए और चांदी करीब 2.20 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही थी। इसके बाद से दोनों में लगातार मजबूती देखने को मिल रही है।
2026 में अब तक सोने ने दिया ₹13,000 का रिटर्न
इस साल सोने और चांदी की कीमतों में कई बार उतार-चढ़ाव देखने को मिला लेकिन कुल मिलाकर दोनों धातुएं ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। 31 दिसंबर 2025 को 24 कैरेट 10 ग्राम सोने की कीमत 1.33 लाख रुपए थी, जो अब बढ़कर 1.46 लाख रुपए से ऊपर पहुंच गई है। यानी इस साल अब तक सोना करीब 13,000 रुपए महंगा हो चुका है। वहीं चांदी 31 दिसंबर 2025 को 2.30 लाख रुपए प्रति किलो थी जो अब बढ़कर 2.33 लाख रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है। इस दौरान चांदी में करीब 4,000 रुपए की बढ़त दर्ज हुई है।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: सेंसेक्स में 262 अंक की तेजी, निफ्टी 95 अंक चढ़कर 24271 पर बंद; रियल्टी और IT सेक्टर में खरीदारी
इस साल दोनों धातुओं ने बनाया था ऑलटाइम हाई
2026 के दौरान सोना और चांदी ने रिकॉर्ड स्तर भी छुए। 29 जनवरी को 10 ग्राम सोने की कीमत 1.76 लाख रुपए के ऑलटाइम हाई पर पहुंच गई थी। वहीं चांदी ने भी 3.86 लाख रुपए प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर बनाया था। हालांकि इसके बाद कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहा लेकिन फिलहाल दोनों कीमती धातुओं में फिर से मजबूती का रुख देखने को मिल रहा है।












