Gold Silver Price Update:1,283 रुपए चढ़कर 1.48 लाख पार पहुंचा सोना, चांदी में 3,215 रुपए की तेजी; सप्लाई पर असर से बढ़े दाम

आज सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। IBJA के अनुसार 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,283 रुपए बढ़कर 1.48 लाख रुपए के स्तर पर पहुंच गया है। इससे पहले 3 अप्रैल को इसकी कीमत 1.47 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम थी।
चांदी भी हुई महंगी
चांदी की कीमतों में भी तेजी देखने को मिली। एक किलो चांदी 3,215 रुपए बढ़कर 2.31 लाख रुपए पर पहुंच गई है जबकि इससे पहले शुक्रवार को इसका भाव 2.28 लाख रुपए प्रति किलो था।
सालभर में उतार-चढ़ाव जारी
इस साल सोना-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है। सोना 2026 में अब तक 14,696 रुपए महंगा हुआ है और चांदी 608 रुपए बढ़ी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोने की कीमत 1.33 लाख रुपए थी जो अब 1.48 लाख रुपए तक पहुंच चुकी है। वहीं चांदी 2.30 लाख रुपए से बढ़कर 2.31 लाख रुपए प्रति किलो हो गई है।
ऑलटाइम हाई के बाद गिरावट
इस दौरान 29 जनवरी को सोने ने 1.76 लाख रुपए और चांदी ने 3.86 लाख रुपए का ऑलटाइम हाई बनाया था। हालांकि, 28 फरवरी को अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने के बाद बाजार में गिरावट देखने को मिली। पिछले 38 दिनों में सोना 11,206 रुपए गिरा है वहीं चांदी 35,672 रुपए नीचे आई है।
ये भी पढ़ें: Share Market Today: सेंसेक्स 787 अंक उछला, निफ्टी 255 अंक चढ़कर 22968 पर बंद; बैंकिंग और रियल्टी शेयरों में खरीदारी
सरकार के फैसले का असर
सरकार ने सोने, चांदी और प्लैटिनम ज्वेलरी को ‘फ्री’ कैटेगरी से हटाकर ‘रिस्ट्रिक्टेड’ कैटेगरी में डाल दिया है। इस फैसले का सीधा असर बाजार की सप्लाई पर पड़ा है जिससे कीमतों में तेजी आई है। DGFT के नोटिफिकेशन के मुताबिक, अब इन कीमती धातुओं से बने गहनों के आयात के लिए सरकार से विशेष लाइसेंस या अनुमति लेना जरूरी होगा। यह कदम फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए उठाया गया है।




















