Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर हादसा : गाजीपुर में खुले नाले में गिरा मासूम... बचाने उतरी मां भी डूबी, दोनों की मौत

यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर हादसा : गाजीपुर में खुले नाले में गिरा मासूम... बचाने उतरी मां भी डूबी, दोनों की मौत
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के गाजीपुर में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां बारिश के दौरान खुले नाले में गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर हुए हादसे के बाद एमसीडी और डीडीए दिनभर लापरवाही की जिम्मेदारी एक-दूसरे पर डालते रहे। एमसीडी ने खुले नाले को डीडीए का बताया, जबकि डीडीए ने इसके रखरखाव की जिम्मेदारी एमसीडी पर डाल दी। एमसीडी की मेयर ने इसकी जांच कराने की बात की है।

कैसे हुआ हादसा

पुलिस के मुताबिक, हादसा बुधवार (31 जुलाई) की रात करीब साढ़े सात बजे के आसपास हुआ। रात 8.12 बजे डायल-112 को सूचना प्राप्त हुई कि गाजियाबाद-दिल्ली बॉर्डर पर खोड़ा इलाके में एक महिला और बच्चा नाले में डूब गए हैं। 23 साल की तनुजा नाम की महिला अपने 3 साल के बेटे प्रियांश के साथ अपने घर से दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र में लगने वाले साप्ताहिक बुध बाजार में जा रहे थे। दोनों खोड़ा कॉलोनी में प्रकाशनगर अंबेडकर गेट गली नंबर-चार के रहने वाले थे। इस दौरान बारिश का पानी जमा होने की वजह से प्रियांश एक अर्द्धनिर्मित नाले में गिर गया। पानी ज्यादा होने की वजह से कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, बेटे को बचाने के लिए मां तनुजा ने भी नाले में छलांग दी। डूबने से दोनों की मौत हो गई, नाला करीब 15 फीट गहरा और 6 फीट चौड़ा था। बारिश की वजह से नाला ओवरफ्लो हो रहा था। इस वजह से सड़क और नाले में कोई अंतर नहीं दिखाई दिया।

JCB से नाले की सीमेंटेड शेड तोड़ी

सूचना मिलते ही दिल्ली के गाजीपुर थाने की पुलिस, अग्निशमन विभाग की गाड़ियां भी पहुंच गईं। नगर पालिका टीमों को भी बुलवाकर रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब ढाई घंटे तक रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। JCB से नाले की सीमेंटेड शेड तोडकर कर्मचारी अंदर घुसे और दोनों लाशों को बाहर निकाला। हादसा दिल्ली की सीमा में हुआ, लेकिन मरने वाले दोनों गाजियाबाद के बताए जा रहे हैं। पूर्वी दिल्ली के थाना गाजीपुर की पुलिस द्वारा इस मामले में कार्रवाई की जा रही है।

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने 5 अगस्त तक दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में भारी बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली-एनसीआर में बुधवार-गुरुवार की बारिश के बाद मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। शनिवार और रविवार को दिल्ली में मूसलाधार बारिश की संभावना है, लोगों को घर से निकलने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी पढ़कर निकलने की सलाह दी गई है। [caption id="attachment_128328" align="aligncenter" width="534"] अगले 7 दिनों तक दिल्ली में मौसम का हाल।[/caption] ये भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में भारी बारिश के कारण गिरी दीवार, झोपड़ी में सो रहे पति-पत्नी की दबकर मौत
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts