भोपालमध्य प्रदेश

‘थिंक-20’ बैठक में सीएम शिवराज बोले- विदेश से आए डेलिगेट्स मध्य प्रदेश की वाइल्ड लाइफ को जरूर देखें

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज से जी-20 के तहत ‘थिंक-20’ की बैठकें शुरू हो गई हैं। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में ‘थिंक-20’ बैठक का शुभारंभ किया है। इस दौरान सीएम ने कहा, भारत गेस्ट को गॉड मानता है। अतिथि देवो भव: भारत की परंपरा है। मेहमान जो हमारा होता है, वो जान से प्यारा होता है। हम चिंतन-मनन करेंगे, इससे जो अमृत निकलेगा, वो दुनिया के काम आएगा।

सीएम शिवराज का संबोधन

  • सीएम शिवराज ने कहा कि पर्यावरण सम्मत जीवन शैली के संदर्भ में पृथ्वी को बचाने के विषय पर परिचर्चा के लिए अनेक देशों व संस्थाओं गणमान्य के प्रतिनिधि भोपाल पधारे हैं, जो मेरे पौधरोपण के संकल्प में साथ देते हुए पौधरोपण कर रहे हैं।
  • भारत ने हजारों वर्ष पहले कहा कि एक ही चेतना सब में है। यह चेतना केवल मनुष्य मात्र में नहीं प्राणियों में भी है। इसीलिए भारत में गो पूजा से लेकर प्रकृति पूजा तक की जाती है।
  • भारत ने कहा कि आत्मवत सर्वभूतेषु, अपने जैसा सबको मानो। हमारे यहां का बच्चा-बच्चा कहता है कि धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो और विश्व का कल्याण हो।
  • मध्य प्रदेश टाइगर स्टेट है। 11 टाइगर पार्क यहां पर हैं। कई बार तो टाइगर से हैंड सैक की स्थिति भोपाल में आती है। मैं आपसे निवेदन करता हूं कि मध्य प्रदेश की वाइल्ड लाइफ को जरूर देखें।
  • हमें प्रकृति का दोहन करना चाहिए, शोषण नहीं। दोहन का अर्थ है वृक्ष में फल लगे हैं, तो उन्हें तोड़ कर खाए, लेकिन यदि पेड़ ही काट दें तो यह होगा शोषण। मानवता के कल्याण के लिए प्रकृति का संरक्षण आवश्यक है।
  • हम सभी ने भौतिक प्रगति की चाह में प्रकृति का अंधाधुन दोहन किया, जिसके कारण आज हम क्लाइमेट चेंज और ग्लोबल वॉर्मिंग के संकट का सामना कर रहे हैं।
  • मध्य प्रदेश में हमने जलाभिषेक अभियान चलाया और तय किया कि गांव का पानी गांव में रोकेंगे, खेत का पानी खेत में रोकेंगे। जनता के सहयोग से हमने लगभग साढ़े चार लाख वॉटर बॉडीज बनाईं जो वॉटर रिचार्जिंग का काम कर रहीं हैं।
  • मध्य प्रदेश में हमने जनता से पौधरोपण का आव्हान किया और अंकुर पोर्टल बनाया। लगभग आठ महीने में 37 लाख लोगों ने पेड़ लगाए और फोटो अपलोड किए। साथ ही उनके रखरखाव का भी ख्याल रखा। धीरे-धीरे मध्य प्रदेश की धरती पर पौधरोपण का वातावरण बन गया।
  • सबके लिए जो न्यूनतम आवश्यकताएं हैं, पूरी हों। इसके लिए संघर्ष नहीं समन्वय, युद्ध नहीं, शांति। सर्ववाइल ऑफ द फिटेस्ट जंगल का कानून है। जो कमजोर है, उसको भी आगे लाने की कोशिश करो।
  • केवल जी-20 ही नहीं, दुनिया के सभी देश एक साथ आ जाएं और साझा विचार करें कि कैसे सबका कल्याण हो! यह थिंक-20 इंडिया की बैठक इस दिशा में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, ऐसा मेरा विश्वास है।

कौन-कौन होगा शामिल ?

कार्यक्रम के पहले दिन 13 सत्र व 2 ब्रीफिंग क्लस्टर का आयोजन किया जाएगा। दो दिन की बैठक में कुल 5 प्लेनरी और 10 पेरेलल सेशन होंगे। इसमें कार्यक्रम में G-20 के चीफ कोऑर्डिनेटर हर्ष वर्धन श्रींगला, भारत में नीदरलैंड के राजदूत एचई मार्टन वादेन बर्ग भी मौजूद रहेंगे। जी-20 के सदस्य देशों से करीब 70 मंत्री और अतिथि समेत भारत के अन्य राज्यों से 100 से अधिक प्रतिनिधि इसमें हिस्सा ले रहे हैं।

इन विषयों पर होगी चर्चा

इसमें पर्यावरण सम्मत जीवन-शैली के साथ नैतिक मूल्य तथा मंगलमय युक्त वैश्विक सुशासन विषय पर देश-विदेश से आए मंत्री, बुद्धिजीवी और विशेषज्ञ चर्चा करेंगे। विषय-विशेषज्ञों द्वारा विचार-मंथन के बाद इस पर एक ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा।

G-20 के तहत ‘थिंक-20’ बैठक का सीएम शिवराज ने किया शुभारंभ।

कौन-कौन है जी-20 का मेंबर ?

जी-20 के सदस्य देशों में अर्जेंटीना, आस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सउदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, तुर्की, यूनाइटेड किंगडम, संयुक्त राज्य अमेरिका और यूरोपीय संघ शामिल हैं।

ट्राइबल म्यूजियम का भ्रमण करेंगे मेहमान

थिंक-20 में शामिल होने वाले मेहमान बैठक के बाद भोपाल के ट्राइबल म्यूजियम का भ्रमण करेंगे। संग्रहालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां उन्हें भारत की संस्कृती के बारे में बताया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें भोपाल की कुछ और प्रसिद्ध स्थान दिखाएं जा सकते हैं।

टी-20 के मेहमानों संग सीएम ने किया पौधरोपण

सीएम शिवराज के साथ विदेश से आए डेलिगेट्स ने आज भोपाल के स्मार्ट उद्यान में पौधरोपण किया। इस दौरान नीति आयोग दिल्ली के उपाध्यक्ष सुमन बेरी और मध्य प्रदेश नीति आयोग के प्रो. सचिन भी मौजूद रहे।

संबंधित खबरें...

Back to top button