LPG के रेट से लेकर EPF तक बदल जाएगा कारोबार का तरीका, आज से होने जा रहे हैं कई बड़े बदलाव

Follow on Google News
नई दिल्ली। आज से साल 2021 का नौवां महीना शुरू हो गया है। इसी के साथ आपकी जिंदगी में कई बड़े बदलाव आने वाले हैं। इन बदलावों का आपकी जिंदगी पर सीधा असर पड़ेगा। EPF से लेकर चेक क्लियरिंग तक के नियम बदल गए हैं। इसके अलावा सेविंग अकाउंट पर ब्याज घट गया है लेकिन LPG के दाम और कारों के दाम आज से बढ़ गए हैं। आइए जानते हैं कि आज से क्या-क्या बदल रहा है।

गैस सिलिंडर के दाम

आज से LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। अगस्त में कंपनियों ने 14.2 किलोग्राम वाले एलपीजी रसोई गैस सिलिंडर की कीमत में 25 रुपए का इजाफा किया था। वहीं 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस की कीमत में 68 रुपए का इजाफा हुआ था। तेल कंपनियां हर महीने एलपीजी सिलिंडर के दामों की समीक्षा करती हैं। हर राज्य में टैक्स अलग-अलग होता है और इसके हिसाब से एलपीजी के दामों में अंतर होता है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं। 14.2 किलोग्राम वाले गैर-सब्सिडी सिलेंडर के दाम 25 रुपए बढ़ा दिए गए हैं। वहीं 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम भी 75 रुपए बढ़ाए गए हैं।

इतनी है कीमत

अब 14.2 किलो वाला गैर सब्सिडी LPG सिलेंडर दिल्ली-मुंबई में 884.5 रुपए, कोलकाता में 911 रुपए और चेन्नई में 900.5 रुपए बिक रहा है। इससे पहले सिलेंडर क्रमश: 859.5 रुपए, 886 रुपए और 875 रुपए बिक रहा था। घरेलू एलपीजी सिलेंडर ही नहीं, बल्कि 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर भी महंगा हो गया है। दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1618 रुपए की जगह अब 1693 रुपए बिक रहा है।

PF UAN से आधार लिंकिंग करना जरूरी

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने खाताधारकों के लिए नियमों में कुछ बदलाव किया है। ईपीएफओ के नए नियम के अनुसार एक सितंबर 2021 से प्रत्येक खाताधारक का पीएफ खाता आधार कार्ड से लिंक होना अनिवार्य है। यदि आपका खाता आधार से लिंक नहीं है, तो पीएफ खाते में आने वाला नियोक्ता योगदान रोका जा सकता है। ऐसी स्थिति में इलेक्ट्रॉनिक चालान और रिटर्न (ECR) नहीं भरा जा सकेगा। ईपीएफओ ने सोशल सिक्योरिटी कोड 2020 के तहत आधार लिंक का फैसला लिया था।

पीएनबी बचत खातों में कम मिलेगा ब्याज

एक सितंबर 2021 से पंजाब नेशनल बैंक (PNB) बचत खाते में जमा पर ब्याज दर में कटौती करने जा रहा है। बैंक की आधिकारिक वेबसाइट से मिली जानकारी के मुताबिक नई ब्याज दर 2.90% सालाना होगी, अभी तक यह 3 फीसदी सालाना है। नई ब्याज दर पीएनबी के मौजूदा और नए दोनों बचत खातों पर लागू होगी।

एक्सिस बैंक बदल रहा है चेक पेमेंट से जुड़ा नियम

बढ़ते फ्रॉड को ध्यान में रखते हुए एक्सिस बैंक ग्राहकों के लिए चेक पेमेंट से जुड़े नियम में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। एक्सिस बैंक पॉजिटिव पे सिस्टम की शुरुआत कर रहा है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने साल 2020 में चेक क्लीयरेंस को लेकर न्यू पॉजिटिव पे सिस्टम नोटिफाई किया था। यह 1 जनवरी 2021 से लागू हो गया है। कई बैंकों ने पहले ही इस सिस्टम को लागू कर दिया था। पॉजिटिव पे सिस्टम के तहत चेक जारी करने वाले व्यक्ति को अपने बैंक को अपने चेक की जानकारी भी भेजनी होगी। इस सिस्टम से निश्चित रकम से ज्यादा के भुगतान वाले चेक को रिकंफर्म करना होगा। चेक जारी करने वाले व्यक्ति को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से चेक की तारीख, लाभार्थी का नाम, प्राप्तकर्ता और पेमेंट की रकम के बारे में दोबारा जानकारी देनी होगी। वैसे तो पॉजिटिव पे सिस्टम 50,000 या इससे बड़ी रकम के बैंक चेक के जरिए पेमेंट पर लागू है। लेकिन एक्सिस बैंक ग्राहकों को पॉजिटिव पे सिस्टम के तहत चेक की जानकारी को तभी रिकंफर्म करना होगा, जब वह पांच लाख रुपए या इससे ज्यादा का बैंक चेक जारी करेगा।

डिज्नी+हॉटस्टार का प्लान होगा महंगा

भारत में OTT प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार (Disney plus hotstar) का सब्सक्रिप्शन आज से महंगा हो गया है। ग्राहकों को बेस प्लान के लिए 399 रुपए नहीं, बल्कि 499 रुपए चुकाने होंगे। इसके अलावा 899 रुपए में ग्राहकों को दो फोन में एप चलाने की अनुमति मिलेगी। साथ ही इस सब्सक्रिप्शन प्लान में HD क्वालिटी मिलती है। इसके अलावा 1,499 रुपए में 4 स्क्रीन पर इस ऐप को चला सकेंगे। यदि एप किसी अतिरिक्त डिवाइस का पता लगाता है, तो यह पहले से लॉग-इन डिवाइस में से किसी एक को हटा देगा।

महंगी होंगी मारुति की कारें

देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki की कारें एक बार फिर महंगी हो गई हैं। आज से कंपनी के सभी मॉडल्स के दाम बढ़ गए हैं। कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में कहा कि पिछले एक साल में विभिन्न इनपुट लागतों में वृद्धि के कारण मारुति के वाहनों की लागत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। मारुति से पहले टाटा मोटर्स ने भी ऐलान किया था कि 1 सितंबर से उसकी सभी गाड़ियों के दाम में इजाफा होगा। कीमतों में औसतन 0.8 फीसदी की बढ़ोतरी होगी। हालांकि, अलग मॉडल्स पर कीमतें अलग-अलग बढ़ाई जाएंगी।

जीएसटी नियमों में होगा बदलाव

एक सितंबर 2021 से जीएसटी नियमों के तहत नियम-59 (6) लागू हो जाएगा। यह नियम जीएसटीआर-1 दाखिल करने में प्रतिबंध का प्रावधान करता है। इसके तहत जिन कारोबारियों ने पिछले दो महीनों में जीएसटीआर-3बी रिटर्न दाखिल नहीं किया, वे बाहर भेजी जाने वाली आपूर्ति का ब्यौरा जीएसटीआर-1 में नहीं भर पाएंगे। मालूम हो कि व्यवसायिक इकाइयां जीएसटीआर-3बी के जरिए कर भुगतान करती हैं। इकाइयां किसी महीने का जीएसटीआर-1 उसके अगले महीने के 11वें दिन तक दाखिल करती हैं। वहीं जीएसटीआर-3बी को अगले महीने के 20वें से 24वें दिन के बीच क्रमबद्ध तरीके से दाखिल किया जाता है।

शेयर बाजार: आज से 100% मार्जिन के नियम हो रहे हैं लागू

शेयर बाजार में ट्रेडिंग करने का तरीका आज से बदल गया है। आज से 100% मार्जिन के नियम पूरी तरह लागू हो गए हैं। अब कैश और फ्यूचर्स एंड ऑप्शंस में पूरा मार्जिन देना होगा। अब इंट्राडे ट्रेडिंग में भी पूरा मार्जिन देना होगा। किसी भी समय मार्जिन घटा तो पेनल्टी लगेगी।

5 साल का बंपर-टू-बंपर कार इंश्योरेंस अनिवार्य

आज से नई गाड़ियों के लिए 5 साल का बंपर-टू बंपर इंश्योरेंस लेना अनिवार्य होगा। मद्रास हाई कोर्ट के फैसले के बाद यह इंश्योरेंस 5 साल की अवधि के लिए ड्राइवर, पैसेंजर और वाहन के मालिक को कवर करने वाले इंश्योरेंस के अतिरिक्त होगा। बता दें कि बंपर-टू-बंपर इंश्योरेंस में वाहन के उन हिस्सों को भी कवर मिलेगा जिनमें आम तौर पर बीमा कंपनियां कवर नहीं देती हैं। इससे नई गाड़ियों का डाउन पेमेंट ज्यादा हो जाएगा। यानी नई गाड़ी खरीदना महंगा हो जाएगा।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts