अंतर्राष्ट्रीय

अल-कायदा सरगना Al-Zawahiri ड्रोन हमले में ढेर, बाइडेन बोले- हमने ढूंढ कर मारा; तालिबान भड़का

अमेरिका ने ड्रोन स्ट्राइक में अल कायदा के चीफ अल जवाहिरी को ढेर कर दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने खुद जवाहिरी की मौत की पुष्टि की है। जवाहिरी ने 2011 में अलकायदा के संस्थापक ओसामा बिन लादेन के मारे जाने के बाद इस आतंकी संगठन की कमान संभाली थी।

राष्ट्रपति बाइडेन बोले- न्याय की जीत हुई

राष्ट्रपति बाइडेन ने कहा कि ‘न्याय की जीत हुई। अलकायदा सरगना अयमान अल जवाहिरी काबुल में एक हवाई हमले में मारा गया है। साफ है अगर आप हमारे लोगों के लिए खतरा हैं, तो अमेरिका आपको ढूंढेगा और बाहर निकालेगा, आप चाहे कहीं भी छिप जाएं, चाहे कितना भी समय लगे।’

अमेरिकी एक्शन पर भड़का तालिबान

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में अलकायदा सरगना अल जवाहिरी को एक ड्रोन स्ट्राइक में मार गिराया है। यह ड्रोन स्ट्राइक अमेरिकी खुफिया एजेंसी CIA की स्पेशल टीम ने की। जवाहिरी अगस्त 2021 में अफगानिस्तान में तालिबान की सरकार आने के बाद से ही काबुल में छिपा हुआ था। वहीं अमेरिकी एक्शन पर तालिबान भड़क गया है और इसे दोहा समझौते का उल्लंघन बताया है।

कैसे दिया सिक्रेट मिशन को अंजाम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हमले के लिए अमेरिका ने दो Hellfire मिसाइल का इस्तेमाल किया। ड्रोन हमले को शनिवार रात 9:48 बजे अंजाम दिया गया। खास बात ये है कि इस हमले के समय कोई भी अमेरिकी काबुल में मौजूद नहीं था।

अधिकारियों ने कहा कि जवाहिरी एक सुरक्षित घर की बालकनी में थे, जब ड्रोन ने उसपर दो मिसाइलें दागीं। उन्होंने कहा कि मौके पर परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे, लेकिन उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ और केवल जवाहिरी मारा गया।

अमेरिका का आरोप

हक्कानी तालिबान के वरिष्ठ लोगों को क्षेत्र में जवाहिरी की मौजूदगी के बारे में जानकारी थी। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि यह दोहा समझौते का स्पष्ट उल्लंघन है। तालिबान ने जवाहिरी की मौजूदगी छिपाने की कोशिश की भी की।  तालिबान ने इस पर भी विशेष ध्यान दिया कि उसके ठिकाने तक कोई न पहुंच सके।

9/11 हमलों में जवाहिरी ने की थी मदद

मिस्र के डॉक्टर और सर्जन जवाहिरी ने अमेरिका में 11 सितंबर, 2001 के हमलों में चार विमानों को हाईजैक करने में मदद की थी। 11 सितंबर 2001 को 19 आतंकियों ने 4 कमर्शियल प्लेन हाइजैक कर अमेरिका के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर टकरा दिए थे। अमेरिका में इसे 9/11 अटैक के नाम से जाना जाता है।

इनमें दो विमान वर्ल्ड ट्रेड सेंटर (WTC) के दोनों टावर्स से टकरा गए थे। जबकि तीसरा विमान अमेरिकी रक्षा मंत्रालय यानी पेंटागन से टकराया। चौथा विमान शेंकविले में एक खेत में क्रैश हुआ था। इस अटैक में 93 देशों के 2 हजार 977 लोग मारे गए थे।

ये भी पढ़ें- Pakistan Flood: पाकिस्तान में पसरा मातम! बारिश और बाढ़ से अब तक 320 लोगों की मौत, बलूचिस्तान बाढ़ में कई घर तबाह

अफगानिस्तान से बच निकला था

अमेरिका पर 11 सितंबर के हमलों के बाद 2001 के अंत में जब अमेरिकी सेना ने अफगानिस्तान की तालिबान सरकार को गिरा दिया था, उस समय बिन लादेन और जवाहिरी दोनों बचकर निकल गए थे। बाद में बिन लादेन को अमेरिकी फौजों ने साल 2011 में पाकिस्तान में मार गिराया था।

अन्य अंतर्राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button