पुणे। एक्ट्रेस पायल रोहतगी अपनी विवादित टिप्पणियों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बनीं रहती हैं। इस बार सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक वीडियो शेयर करने पर उनके खिलाफ पुणे में FIR दर्ज की गई है। एक्ट्रेस के खिलाफ 153 (ए), 500,आईपीसी की धारा 505 (2) और 34 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि एक वीडियो शेयर कर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और कांग्रेस परिवार के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया था।
पुणे में दर्ज हुआ केस
पायल रोहतगी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कई मुद्दों पर राय रखती रहती हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, जवाहर लाल नेहरू, महात्मा गांधी, राजीव गांधी और इंदिरा गांधी के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। जिसके चलते पुणे जिले की कांग्रेस जनरल सेक्रेट्री संगीता तिवारी ने एक्ट्रेस के खिलाफ शिवाजीनगर पुलिस थामे में शिकायत की है।
बीते साल भी हुआ था केस
बीते साल भी पायल रोहतगी नेहरू परिवार के खिलाफ अपमानजनक कॉमेंट्स करने को लेकर सुर्खियों में आ चुकी हैं। पायल ने एक वीडियो जारी कर दावा किया था कि, ‘मुझे लगता है कि कांग्रेस परिवार ट्रिपल तलाक के इसलिए खिलाफ था क्योंकि मोतीलाल नेहरू की पांच पत्नियां थीं। साथ ही मोतीलाल जवाहरल लाल नेहरू के सौतेले पिता था। उन्होंने अपने दावे के पीछे ऐलिना रामाकृष्णा की बायोग्राफी का हवाला दिया था। राजस्थान पुलिस ने एक्ट्रेस के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66 और 67 के तहत केस दर्ज कर हिरासत में लिया था’। हालांकि बाद में पायल को जमानत मिल गई थी।
वर्कफ्रंट
पायल रोहतगी ने साल 2002 में रिलीज हुई फिल्म ‘यह क्या हो रहा है’ से बॉलीवुड में करियर की शुरुआत की थी। इस फिल्म के बाद वह साल 2006 में भी 36 चीन टाउन में भी नजर आईं थीं। पायल को फैंस ने बिग बॉस के घर में भी देखा है।