Meri Maa Karma Controversy : प्रोड्यूसर बने नेताजी ने किया खेला, तो एक्टर ने खोल दी पोल, पढ़िए पीपुल्स एक्सक्लूसिव में बड़ा खुलासा
छत्तीसगढ़ी और हिंदी में बनी फिल्म 'मेरी मां कर्मा' को लेकर बड़ा विवाद, अभिनेता साहेबदास मानिकपुरी फिल्म मेकर पर भड़के

अमिताभ बुधौलिया, मुंबई। छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषा में 5 अप्रैल को रिलीज हुई पॉपकॉर्न प्रोडक्शन की फिल्म 'मेरी मां कर्मा' (Meri Maa Karma) एक बड़े विवाद में फंसती दिख रही है। इस फिल्म की कथित फंडिंग को लेकर चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। वहीं, फिल्म में प्रमुख किरदार निभाने वाले चर्चित कलाकार साहेबदास मानिकपुरी निर्देशक और निर्माताओं के बर्ताव से बहुत दु:खी और नाराज हैं। www.peoplesupdate.com से एक्सक्लूसिव बातचीत में मानिकपुरी ने फिल्म को लेकर कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं।
चर्चे आम- मेरी मां कर्मा के लिए 5 करोड़ की फंडिंग, खर्च सिर्फ एक चौथाई
फिल्म के प्रोड्यूसर डीएन साहू राजनीति में सक्रिय बताए जाते हैं। फिल्म के लेखक कौस्तुन साहू उनके बेटे हैं। चर्चाएं हैं कि छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषा में यह फिल्म बनाने के पीछे कथिततौर पर 'पैसों का खेला' हुआ है। सूत्रों के मुताबिक फिल्म निर्माण के लिए राजनीति और अन्य क्षेत्रों से जुड़े साहू समाज के नामी-गिरामी लोगों से फंडिंग कराई गई। फिल्म का बजट 5-7 करोड़ बताया जा रहा है, लेकिन खर्च महज 1 करोड़ किए गए। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं की हो सकी है। इस बारे में साहेबदास मानिकपुरी भी चुप्पी साध गए, लेकिन उन्होंने इससे इनकार भी नहीं किया।
'ले चलहूं अपन दुआरी' में भी साथ थे साहिबदास
साहेबदास बताते हैं- 'पॉपकॉर्न प्रोडक्शन के प्रोड्यूसर डीएन साहू और यूके साहू के अलावा डायरेक्टर मृत्युंजय सिंह व लेखक कौस्तुन साहू के साथ मैं शुरू से ही जुड़ा रहा हूं। मैं इनके साथ छत्तीसगढ़ फिल्म 'ले चलहूं अपन दुआरी' कर चुका था। जब इन लोगों ने फिल्म मेरी मां कर्मा के लिए संपर्क किया, तो मैं मित्रवत तैयार हो गया। चूंकि मैं छत्तीसगढ़ी हूं इसलिए मां कर्मा के बारे में काफी पढ़ा-सुना है। वे भगवान कृष्ण की भक्त थीं। मुझे विषय अच्छा लगा। मेरी इन लोगों के साथ यह दूसरी फिल्म है। दोनों फिल्मों की कॉस्टिंग से लेकर लोकेशन आदि तक मैंने खूब मदद की। चूंकि पहली फिल्म के लिए मैँने इनसे कोई पैसे नहीं लिए थे, इसलिए उन्होंने कहा कि इस बार वे मुझे हैंडसम अमाउंट देंगे। हालांकि जब मुझे चेक भेजा गया, तो मैं हैरान रह गया। यह मेरे लिए ठेस पहुंचाने वाली बात थी।''मे आई कम इन मेडम' के सेट पर हुई थी पहली मुलाकात
साहेबदास बताते हैं- 'यह वर्ष 2016-17 की बात होगी। तब मैं चैनल लाइफ ओके का शो मे आई कम इन मैडम शूट कर रहा था। मृत्युंजय और कौस्तुन मुझसे मिलने सेट पर आए। तब वे छत्तीसगढ़ी फिल्म (ले चलहूं अपन दुआरी) प्लान कर रहे थे। चूंकि हम सभी छत्तीसगढ़ी हैं, इसलिए मैंने खुशी से हामी भर दी। हालांकि प्लानिंग के दौरान ही कोरोना लॉकडाउन लग गया और फिर प्रोजेक्ट रुक गया। इस तरह 4-5 साल निकल गए। अचानक से फिर इनका कॉल आया कि फिल्म की तैयारियां ऑल मोस्ट रेडी हैं और हमने आपको सरप्राइज देने के लिए कॉल किया है। मैंने उनसे अपने किरदार और पेमेंट को लेकर कुछ भी नहीं पूछा। सिर्फ इतना कहा कि आपकी फिल्म बननी चाहिए, आपका प्रोडक्शन हाउस खड़ा होना चाहिए। आप लोग इतनी मेहनत जो कर रहे हैं।'












