PlayBreaking News

फतेहपुर में गैस सिलेंडर लीक से लगी आग :7 माह के मासूम समेत 9 लोग झुलसे, खाना बनाते समय हुआ ब्लास्ट

फतेहपुर के पिलखिनी गांव में गैस रिसाव से हुए भीषण हादसे में एक ही परिवार के 9 लोग झुलस गए। खाना बनाते समय आग लगने से घर में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर घायलों को ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कानपुर रेफर किया गया है।
Follow on Google News
7 माह के मासूम समेत 9 लोग झुलसे, खाना बनाते समय हुआ ब्लास्ट

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के पिलखिनी गांव में खाना बनाते समय गैस रिसाव के कारण अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते दो कमरों का मकान आग की चपेट में आ गया और घर में मौजूद लोग लपटों में घिर गए। हादसे में एक ही परिवार के 9 लोग गंभीर रूप से झुलस गए, जिनमें सात माह का मासूम बच्चा भी शामिल है।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और लोगों को बचाने की कोशिश शुरू की। कई लोग दूसरों की जान बचाने में खुद भी आग की चपेट में आ गए।

खाना बनाते समय लगी आग

जानकारी के अनुसार, पिलखिनी गांव निवासी संतोष लोधी के घर पर रात करीब 8 से 9 बजे के बीच खाना बनाया जा रहा था। परिवार की महिला सदस्य रीता और कलावती रसोई में थीं। इसी दौरान गैस पाइप से रिसाव शुरू हो गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, घर में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही सेकेंड में आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। परिवार के सदस्य एक-दूसरे को बचाने दौड़े, लेकिन तेज लपटों के कारण कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

परिवार को बचाने पहुंचे लोग भी झुलसे

हादसा इतना भयावह था कि घर के अंदर मौजूद लोगों के साथ उन्हें बचाने पहुंचे पड़ोसी भी आग की चपेट में आ गए। इस घटना में कुल 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं, बच्चे और युवक शामिल हैं। घायलों की पहचान रीता (35), संजय (21), सोनी (9), कलावती (35), करण (26), साजन (17), सुलेखा (11), संगीता (25) और संगीता के सात माह के बच्चे के रूप में हुई है।

Featured News

गांव में मचा हड़कंप, ग्रामीणों ने बचाई जान

आग लगते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लोगों ने किसी तरह घायलों को घर से बाहर निकाला और तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। कल्याणपुर थाना पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को पहले गोपालगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर मलवां मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

8 घायलों की हालत गंभीर, कानपुर रेफर

डॉक्टरों ने कई लोगों की हालत गंभीर देखते हुए 8 घायलों को कानपुर रेफर कर दिया। प्रशासन ने तेजी से इलाज सुनिश्चित करने के लिए ग्रीन कॉरिडोर तैयार कराया, ताकि एंबुलेंस बिना किसी रुकावट के कानपुर पहुंच सके। गंभीर रूप से झुलसे मरीजों का इलाज कानपुर के हैलेट अस्पताल में जारी है। जिला प्रशासन लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Breaking News

सिलेंडर नहीं फटा, गैस लीक से हुआ हादसा

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, शुरुआती जांच में सिलेंडर फटने की बात सामने नहीं आई है। जांच में पता चला है कि गैस रिसाव के कारण विस्फोट जैसी स्थिति बनी और आग फैल गई। उन्होंने बताया कि, प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है और घायलों के इलाज की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी जांच में जुटे हैं।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गैस रिसाव आखिर कैसे हुआ और सुरक्षा में कहां चूक हुई। गांव में घटना के बाद डर और दहशत का माहौल बना हुआ है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts