जमीन हड़पने के लिए बड़े ने छोटे भाई और मां पर हमला किया, छोटे का सिर फटा, मां का पैर कटा

आरोपी ने कुल्हाड़ी से हमला किया, दोनों घायलों की हालत गंभीर
शिवपुरी। जिले में एक युवक ने पुस्तैनी जमीन हड़पने के लिए अपने छोटे भाई और मां पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। दोनों की हालत गंभीर है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है। मामला अमोला थाना क्षेत्र के ममोनीखुर्द गांव का है। घायल मां कमला ने बताया कि उन्होंने बड़े बेटे महेश को सब कुछ दिया है। इसके बावजूद वह दूसरे लोगों की बातों में आकर जमीन हड़पने की मंशा रखता है। रविवार को वह अपने छोटे भाई लखन को मार रहा था। उसने भाई के सिर में कुल्हाड़ी मार दी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर गया। जब वह लखन को बचाने पहुंची तो उसने मां का पैर भी कुल्हाड़ी से काट दिया।

आधी जमीन हड़प चुका, बाकी भी लेना चाहता है

लखन के अनुसार, वह पहले ही आधी जमीन हड़प चुका है। अब वह चाहता है कि हम उसकी मारपीट के चलते गांव छोड़ जाएं ताकि जो जमीन बची है और हम तीन भाइयों के पास है, उस पर भी अपना कब्जा कर ले।

चोरी से बेचे गेहूं, पिता की तोड़ी टांग

लखन के अनुसार कुछ समय पहले महेश ने गांव में स्थित घर में रखे 10 क्विंटल गेहूं चोरी से बेच दिए। लखन का कहना है कि जब पिताजी ने उसे उल्हाना दिया तो उसने पीट-पीट कर पिता की टांग तोड़ दी।
हमने भाई की शिकायत पर फिलहाल मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया है। घायलों का एक्स-रे कराया है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ेंगी। चूंकि कुल्हाड़ी की चोट हैं, इस कारण धारा 324 भी लगाई है। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। -अमित चतुर्वेदी, थाना प्रभारी, अमोला
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts