PlayBreaking News

संजीव अरोड़ा पर ED का शिकंजा :100 करोड़ के फर्जी GST केस में कई ठिकानों पर छापेमारी, BJP पर बरसे CM भगवंत मान

पंजाब के कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ आवास समेत कई ठिकानों पर ED ने छापेमारी की। कार्रवाई फर्जी GST खरीद, मनी लॉन्ड्रिंग और दुबई से जुड़े लेनदेन मामले में हुई। CM भगवंत मान ने इसे BJP की साजिश बताया, जबकि विपक्ष ने जांच का स्वागत किया।
Follow on Google News
100 करोड़ के फर्जी GST केस में कई ठिकानों पर छापेमारी, BJP पर बरसे CM भगवंत मान

चंडीगढ़। पंजाब की राजनीति में शनिवार सुबह उस वक्त हलचल मच गई जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के चंडीगढ़ स्थित सरकारी आवास समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू कर दी। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई इस कार्रवाई ने पूरे राज्य की राजनीति को गर्मा दिया। भारी सुरक्षा के बीच हुई इस रेड को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने आ गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, ED की टीमें करीब 20 गाड़ियों के काफिले के साथ सेक्टर-2 स्थित मंत्री आवास पहुंचीं। कार्रवाई के दौरान CIA, CISF और स्पेशल फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया था। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच एजेंसी ने दस्तावेजों, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

चंडीगढ़-दिल्ली समेत कई ठिकानों पर रेड

ED की यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की जा रही है। एजेंसी संजीव अरोड़ा और उनके सहयोगियों से जुड़े परिसरों की जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक चंडीगढ़, दिल्ली और गुरुग्राम में कुल 4 से 5 ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। इनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के दफ्तर और मंत्री के सरकारी आवास भी शामिल हैं।

100 करोड़ रुपए के फर्जी GST खरीद का आरोप

जांच एजेंसी को संदेह है कि मोबाइल फोन कारोबार से जुड़े नेटवर्क के जरिए 100 करोड़ रुपए से ज्यादा की फर्जी GST खरीद दिखाई गई। आरोप है कि कई गैर-मौजूद कंपनियों के नाम पर फर्जी बिल बनाकर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लिया गया और बाद में निर्यात के जरिए रकम को दुबई से भारत वापस लाया गया। ED की शुरुआती जांच में कथित मनी लॉन्ड्रिंग और संदिग्ध कारोबारी लेनदेन की बात सामने आई है। एजेंसी अब वित्तीय रिकॉर्ड और मनी ट्रेल को खंगाल रही है।

Breaking News

एक साल में तीसरी बार ED की कार्रवाई

बताया जा रहा है कि पिछले एक साल में संजीव अरोड़ा से जुड़े परिसरों पर यह तीसरी रेड है। वहीं एक महीने के भीतर दूसरी बार जांच एजेंसी उनके ठिकानों तक पहुंची है। हाल के दिनों में पंजाब में बिल्डर और कारोबारी नेटवर्क से जुड़े कई मामलों में ED की कार्रवाई हुई है। मोहाली के वेस्टर्न टावर में हुई छापेमारी भी इसी जांच का हिस्सा मानी जा रही है। वहां करीब 40 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चला था।

CM भगवंत मान ने BJP पर साधा निशाना

ED की कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि, एक साल में तीसरी बार और एक महीने में दूसरी बार ED संजीव अरोड़ा के घर पहुंची है, लेकिन अब तक कुछ नहीं मिला। CM मान ने कहा कि पंजाब गुरुओं और शहीदों की धरती है, जिसे कोई ताकत झुका नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि, बीजेपी और ED मिलकर विपक्षी नेताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं।

Twitter Post

संजय सिंह बोले- ED बीजेपी का सुपारी किलर

AAP सांसद संजय सिंह ने भी कार्रवाई को लेकर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी का सुपारी किलर ED” फिर पंजाब पहुंच गया है। संजय सिंह ने दावा किया कि, कुछ दिनों तक तमाशा चलेगा, फर्जी खबरें चलाई जाएंगी और बाद में एजेंसी वापस लौट जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार को बदनाम करने और जनता के काम रोकने की कोशिश की जा रही है।

हरपाल चीमा ने बताया राजनीतिक साजिश

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने वीडियो बयान जारी कर कहा कि बीजेपी चुनावी राज्यों में जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर माहौल खराब करने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि, पंजाब के लोग इस राजनीति को समझते हैं और लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे। चीमा ने दावा किया कि, पंजाब ने हमेशा लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कुर्बानियां दी हैं।

अकाली दल ने कहा- सभी पकड़े जाएंगे

वहीं शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने ED की कार्रवाई का स्वागत किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि, सब पकड़े जाएंगे। मजीठिया ने आरोप लगाया कि, पंजाब में बड़े स्तर पर आर्थिक गड़बड़ियां हुई हैं और जांच से कई राज सामने आ सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को ईमानदार बताते थे, अब वही जांच एजेंसियों के घेरे में हैं।

Featured News

सुरक्षा घेरे में रहा पूरा इलाका

रेड के दौरान चंडीगढ़ के सेक्टर-2 इलाके में सुरक्षा बेहद कड़ी रही। मंत्री आवास के आसपास आम लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई थी। मीडिया कर्मियों और स्थानीय लोगों की भीड़ भी बाहर जमा रही, लेकिन किसी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

क्या आगे गिरफ्तारी हो सकती है?

फिलहाल ED की ओर से किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एजेंसी वित्तीय दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक डेटा की गहराई से जांच कर रही है। अगर जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आती हैं तो आने वाले दिनों में पूछताछ और गिरफ्तारी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पंजाब की राजनीति में इस कार्रवाई को बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts