Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ई-नीलामी: गोल्ड मेडलिस्ट नीरज चोपड़ा का भाला एक करोड़ के पार, नोएडा के डीएम सुहास के रैकेट की लगी 10 करोड़ बोली

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन के अवसर पर उन्हें अलग-अलग जगहों से मिलने वाले उपहारों की नीलामी शुरू की गई है। सरकार के संस्कृति मंत्रालय द्वारा इन उपहारों वा स्मृति चिन्हों की ई-नीलामी की जा रही है। इसके लिए आज से बोली लगना शुरू हो चुकी है जो कि 7 अक्टूबर तक चलेगी। पीएम के इन उपहारों में हाल ही में जापान की राजधानी टोक्यों में खत्म हुए ओलिंपिक और पैरालंपिक खेलों में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के ग्लब्स, रैकेट और उपकरण भी शामिल हैं।

10 करोड़ तक पहुंची बोली

टोक्यो पैरालिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाले नोएडा के जिलाधिकारी एल वाई सुहास नीलामी में बाजी मारते नजर आ रहे हैं। पैरालिंपिक पदक विजेता 12 खिलाड़ियों ने कुछ दिनों पहले ही पीएम मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान सुहास ने अपना बैडमिंटन पीएम मोदी को उपहार स्वरूप दिया था। नीलामी में इस बैडमिंटन की बेस प्राइस 50 लाख रुपए रखी गई थी। लेकिन नीलामी शुरू होते ही सुहास के बैडमिंटन की बोली 10 करोड़ रुपए पहुंच गई है। सुहास के अलावा पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक विजेता कृष्णा नागर के बैडमिंटन और टोक्यो ओलिंपिक में पहली बार क्वालिफाई करने वाली भवानी देवी की फेनसिंग की बोली भी 10-10 करोड़ तक पहुंच गई है।

1 करोड़ पहुंची भाले की बोली

वहीं ओलिंपिक के भाला फेंक में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा के भाले की बोली 1 करोड़ 20 लाख पहुंच चुकी है। नीरज के जैवलिन का बेस प्राइस एक करोड़ रुपए रखा गया था। वहीं पैरालंपिक खेलों में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतने वाले सुमित अंतिल के जैवलिन का भी बेस प्राइस एक करोड़ रुपए ही रखा गया है। वहीं मुक्केबाज लवलीना के बॉक्सिंग ग्लब्स भी 1 करोड़ 80 लाख के पार जा चुके हैं।

1 करोड़ तक पहुंची हॉकी स्टिक की कीमत

ओलिंपिक खेलों के महिला हॉकी खेल में सेमीफाइनल में पहुंचकर इतिहास रचने वाली महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल की हॉकी स्टिक का बेस प्राइस 80 लाख रुपया रखा गया है। इस हॉकी स्टिक पर हॉकी टीम की सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर भी हैं। हॉकी स्टिक की बोली अभी तक 1 करोड़ रुपए पहुंची है।

7 अक्टूबर तक चलेगी नीलामी

आज यानी 17 सितंबर से शुरू हुई यह ई-नीलामी 7 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें प्रधानमंत्री मोदी को मिले उपहारों, स्मृति चिह्नों, उनकी जैकटों व अन्य सामान को शामिल किया गया है। इस नीलामी में 2700 से ज्यादा चीजें शामिल हैं। नीलामी से प्राप्त धनराशि को नमामि गंगे मिशन में प्रयोग किया जाएगा। ऑनलाइन होने वाली ये नीलामी https://pmmementos.gov.in/ की वेबसाइट के जरिए की जा रही है।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts