भोपाल में बनेगा डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सिम्युलेटर स्पेस सेंटर

भोपाल। मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि आरक्षण की व्यवस्था को लेकर कहा कि जैसे अनुसूचित जाति-जनजाति (SC-ST) को मिला, वैसा लाभ अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को नहीं मिला। संघर्ष के बाद OBC समुदाय को आरक्षण का लाभ मिला हैं। मध्यप्रदेश में OBC के लिए हर स्तर पर कार्य किया गया और लाभ दिया गया। पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कृष्णा गौर शुक्रवार को अपने विभाग के दो साल की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही आगामी कार्ययोजना की भी जानकारी दे रही थीं।
युवाओं को स्पेस टेक्नोलॉजी से जोड़ेंगे
मंत्री कृष्णा गौर ने बताया कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम ( पीएमजेवीके) के तहत भोपाल में डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सिम्युलेटर स्पेस सेंटर की स्थापना का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जा रहा है। यह प्रस्ताव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के समन्वय से तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि इस केंद्र का उद्देश्य मध्यप्रदेश के युवाओं को स्पेस टेक्नोलॉजी के प्रति जागरूक, प्रेरित और वैज्ञानिक सोच से जोड़ना है।
मिसाइल, सैटेलाइट की डिजाइनों का प्रदर्शन होगा
प्रस्तावित स्पेस सेंटर में मिसाइल और सैटेलाइट के क्रमिक विकास के डिजाइनों का प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही अंतरिक्ष के समान जीरो ग्रेविटी वातावरण में स्पेस स्टेशन का सिम्युलेटरी अनुभव देने के लिये विशेष अधोसंरचना विकसित की जाएगी, जिससे बच्चे यह देख और महसूस कर सकें कि उपग्रह के भीतर अंतरिक्ष यात्री किस तरह रहते और कार्य करते हैं।
विभाग की उपलब्धियां
- उम्मीद पोर्टल पर डिजिटाइजेशन प्रॉपर्टी को अपलोड करने का काम किया जा रहा है। इसमें तीन कैटेगिरी बनाई गई है।
- शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना- 2025 के तहत हर वर्ष करीब 4000 युवाओं को आवासीय प्रशिक्षण देकर सेना, अर्धसैनिक बल, पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए तैयार किया जाएगा।
- OBC छात्रावासों को आदर्श छात्रावास के रूप में विकसित किया जा रहा है। इनके उन्नयन पर करीब 16 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करेंगे।
- पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत साढ़े सात लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति वितरित की गई है।
- विदेश अध्ययन छात्रवृत्ति योजना को पारदर्शी बनाकर हर वर्ष 50 विद्यार्थियों को लाभ।
- बेरोजगार युवाओं को जापान और जर्मनी में रोजगार दिलाने सोशल इंपैक्ट बॉन्ड के तहत 600 युवाओं को विदेश भेजा जाएगा।












