नई क्लास, नया क्रश और नई उलझनें... ‘डोंट बी शाय’ का टीजर रिलीज, दिखेगी कॉलेज लाइफ की कहानी

नई क्लास, नए दोस्त, पहला क्रश और जिंदगी की नई उलझनें... प्राइम वीडियो ने अपनी अपकमिंग ओरिजिनल फिल्म ‘डोंट बी शाय’ का टीजर रिलीज कर दिया है। फिल्म में नई स्टारकास्ट नजर आएगी और कहानी कॉलेज लाइफ, दोस्ती, प्यार और बड़े होने की चुनौतियों के इर्द-गिर्द घूमेगी। फिल्म का निर्माण आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट की इंटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस ने प्राइम वीडियो के साथ मिलकर किया है।
नई स्टारकास्ट दिखाएगी कॉलेज लाइफ
‘डोंट बी शाय’ में आरुषि बजाज श्यामिली 'शाय', पीयूष खाटी मयंक, बियांका अरोड़ा तारा और अंश दुग्गल ध्रुव के किरदार में नजर आएंगे। टीजर में चारों की दोस्ती, मस्ती और आपसी केमिस्ट्री देखने को मिलती है। कहानी में प्यार के साथ भावनात्मक उतार-चढ़ाव भी देखने को मिलेंगे। यंग स्टारकास्ट की एनर्जी और ग्रूवी म्यूजिक टीजर को काफी फ्रेश फील देते हैं।
शाय की जिंदगी में आएगा बड़ा बदलाव
फिल्म की कहानी 20 साल की श्यामिली 'शाय' दास के आसपास घूमती है। शाय को लगता है कि उसने अपनी जिंदगी को समझ लिया है और सब कुछ उसके प्लान के मुताबिक चल रहा है। लेकिन अचानक उसकी जिंदगी में ऐसा मोड़ आता है, जिसकी उसने उम्मीद नहीं की थी। इसके बाद उसकी जिंदगी की कई चीजें उसके कंट्रोल से बाहर होने लगती हैं। फिल्म में इसी दौरान दोस्ती, पहला प्यार, रिश्तों की उलझन और खुद को समझने की कोशिश को दिखाया जाएगा।
सृति मुखर्जी ने किया निर्देशन
'डोंट बी शाय' को सृति मुखर्जी ने लिखा और डायरेक्ट किया है। आलिया भट्ट और शाहीन भट्ट ने इंटर्नल सनशाइन प्रोडक्शंस के बैनर तले फिल्म को प्रोड्यूस किया है। चॉकबोर्ड एंटरटेनमेंट के ग्रिश्मा शाह और विकेश भूटानी फिल्म के को-प्रोड्यूसर हैं। फिल्म में कुणाल रॉय कपूर, अनुराग बसु, नेहा धूपिया और अंजू अल्वा नाइक भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
25 सितंबर को होगा प्रीमियर
'डोंट बी शाय' का प्रीमियर 25 सितंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर होगा। फिल्म हिंदी में अंग्रेजी सबटाइटल्स के साथ स्ट्रीम की जाएगी। इसे भारत के अलावा दुनिया के 240 से ज्यादा देशों और क्षेत्रों में एक्सक्लूसिव तौर पर देखा जा सकेगा। फिल्म के टीजर को देखकर साफ है कि यह कहानी कॉलेज के उन दिनों को दिखाने वाली है, जहां दोस्ती, प्यार और जिंदगी के फैसले सब कुछ एक साथ सामने आते हैं।




















