ताजा खबरराष्ट्रीय

इंडिगो फ्लाइट की गुवाहाटी में इमरजेंसी लैंडिंग, केंद्रीय मंत्री समेत 150 यात्री थे सवार, डिब्रूगढ़ जाते समय आई तकनीकी खराबी

गुवाहाटी। असम में गुवाहाटी से डिब्रूगढ़ जा रही इंडिगो की फ्लाइट में रविवार को अचानक से तकनीकी खराबी आ गई। फ्लाइट की टेक-ऑफ के कुछ मिनट के बाद ही वापस गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस विमान में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली, भाजपा के दो विधायक प्रशांत फूकन और तेराश गोवाला सहित 150 से अधिक यात्री यात्रा कर रहे थे। फ्लाइट में बैठे सभी यात्री सुरक्षित हैं।

तकनीकी खराबी बनी वजह

अधिकारियों के मुताबिक, फ्लाइट संख्या 6E2652 ने रविवार सुबह करीब 8.40 बजे गुवाहाटी से उड़ान भरी और करीब 20 मिनट के अंदर वापस एयरपोर्ट लौट आई। विमान के वापस लौटने की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। गुवाहाटी में उतरने के तुरंत बाद विमान के सभी यात्रियों को उतार दिया गया और विमान को निरीक्षण के लिए भेज दिया गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पुष्टि की कि विमान वापस आ गया है। हालांकि, इस मामले में अभी तक इंडिगो की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

कुछ मिनट तक हवा में रही फ्लाइट

इधर, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने बताया कि वे और बीजेपी विधायक प्रशांत फुकन और तेराश गोवाला के साथ इंडिगो की फ्लाइट में थे। गुवाहाटी के डिब्रूगढ़ हवाई अड्डे पर डायवर्ट किए जाने से पहले फ्लाइट 15 से 20 मिनट तक हवा में रही। जिसके बाद विमान के पायलट ने विमान के इंजन में खराबी की बात बताई और पायलट ने इसे वापस हवाई अड्डे पर सुरक्षित लैंड करा दिया।

अन्य राष्ट्रीय खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button