मुरैना : शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला डिप्टी कलेक्टर गिरफ्तार

मुरैना। जिले में पदस्थ डिप्टी कलेक्टर अरविंद सिंह माहौर के खिलाफ एक युवती की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज होने के बाद प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। युवती ने आरोप लगाया है कि अधिकारी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में विवाह करने से मना कर दिया।
युवती का आरोप-शादी करने का वादा किया था
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने सिविल लाइन थाना मुरैना में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि उसकी पहचान कुछ वर्ष पूर्व सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक के माध्यम से अरविंद सिंह माहौर से हुई थी। उस समय माहौर सबलगढ़ में एसडीएम के पद पर पदस्थ थे। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे नजदीकियों में बदल गई। युवती का आरोप है कि डिप्टी कलेक्टर ने उससे विवाह करने का वादा किया और इसी विश्वास पर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

युवती ने बतौर सबूत दिखाए वीडियो
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि उसे घुमाने के बहाने मुरैना स्थित रेस्ट हाउस के पीछे ले जाया गया, वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने अपने आरोपों के समर्थन में मोबाइल फोन में मौजूद कुछ वीडियो एवं अन्य साक्ष्यों का भी उल्लेख किया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच की और उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर डिप्टी कलेक्टर के खिलाफ दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
आरोप सही पाए गए : एसपी
इस संबंध में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि महिला ने शिकायत कर आरोप लगाया था कि आरोपी ने शादी का वादा किया था, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। शिकायत मिलने के बाद महिला से चर्चा कर तथ्यों का सत्यापन किया गया। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज किया गया। एसपी ने बताया कि प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, वहां से उसे जेल भेज दिया गया है।












