दिल्ली सत्य निकेतन हादसा: बिल्डिंग मालिक, बेटा और पत्नी गिरफ्तार

दिल्ली के सत्य निकेतन में बिल्डिंग गिरने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस मामले में अब तक 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता, उनका बेटा महेश और पत्नी उर्मिला शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, हरिराम गुप्ता के नाम पर बिल्डिंग का बिजली कनेक्शन था, जबकि उनका बेटा महेश बिल्डिंग का मैनेजमेंट देखता था। वहीं, प्रॉपर्टी के दस्तावेजों में इमारत हरिराम की पत्नी उर्मिला के नाम दर्ज थी।
27 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
बिल्डिंग गिरने के बाद करीब 27 घंटे तक राहत और बचाव अभियान चलाया गया। रेस्क्यू टीमों ने मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रेस्क्यू ऑपरेशन अब पूरा हो चुका है। हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है, जिनमें 5 छात्र शामिल हैं। वहीं 5 घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में इन लोगों की गई जान
हादसे में जान गंवाने वालों में पांच छात्र, एक मजदूर और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं।
अभिषेक (20) - सोनभद्र, उत्तर प्रदेश
युवराज सोनी (20) - दुर्ग, छत्तीसगढ़
पवन (17) - औरैया, उत्तर प्रदेश
अर्पित जहाज (19) - देवास, मध्य प्रदेश
अक्षत सिंह यादव (18) - कटनी, मध्य प्रदेश
सुरिंदर सिंह (75) - मजदूर
एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
5 घायलों का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल हुए लोगों में असगर अली (30), नीरज बावा (19), आदित्य कुमार (19), नितीश चिब (19) और मोहम्मद अयान (18) शामिल हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
भिवाड़ी से पकड़ा गया बिल्डिंग मालिक
पुलिस ने हादसे के बाद बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने उसे राजस्थान के भिवाड़ी से गिरफ्तार किया। हादसे के तुरंत बाद पुलिस ने पालम विहार स्थित उसके आवास पर भी छापेमारी की थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद पुलिस उसके करीबियों और सहयोगियों के ठिकानों पर भी दबिश दे रही थी। अब पुलिस ने हरिराम गुप्ता के अलावा उनके बेटे महेश और पत्नी उर्मिला को भी गिरफ्तार किया है।
MCD के 5 अधिकारी सस्पेंड
हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम ने भी कार्रवाई की है। MCD के 5 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबित अधिकारियों में डिप्टी कमिश्नर, सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और जूनियर इंजीनियर शामिल हैं।
दिल्ली हाईकोर्ट में भी हुई सुनवाई
सत्य निकेतन में PG हॉस्टल के तौर पर चल रही दो इमारतों के गिरने के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट में दाखिल PIL पर भी सुनवाई हुई। कोर्ट ने दिल्ली सरकार, केंद्र सरकार, MCD, दिल्ली पुलिस, दिल्ली यूनिवर्सिटी और NHRC को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि वह दिल्ली सरकार, केंद्र और MCD की ओर से पेश होंगे। कोर्ट ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। मामले में अगली सुनवाई 25 तारीख को होगी।




















