मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। गुरुवार रात में दो जगह फायरिंग की वारदात सामने आई है। बता दें कि बाइक सवार बदमाशों ने देर रात दो घरों में फायरिंग की। जानकारी के मुताबिक, पहले बस संचालक जावेद अख्तर के घर के बाहर फायरिंग की। उसके बाद एक और घर में गोलियां चलाना शुरू कर दी। बदमाशों की ये करतूत CCTV में कैद हुई है।
कहां हुई घटना ?
जानकारी के अनुसार, ये घटना सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत नूरानी मस्जिद के पीछे गवालमंगरा तालाब के पास की बताई जा रही है। जहां पर बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई।
दो जगह की फायरिंग
पहली घटना : जानकारी के मुताबिक, बस संचालक जावेद अख्तर के यहां मोनू नामक युवक कई दिनों से फिरौती की मांग कर रहा था। जिसके बाद वे गुरुवार रात को जावेद के घर पहुंचा और 5 बार फायरिंग की। बता दें कि फायर के बाद धमकाते हुए 2 लाख रुपए की मांग की। कहा- रुपए नहीं मिले, तो जान से मार दूंगा। बताया जा रहा है कि मोनू एक युवक के साथ बाइक पर बैठकर आया था।

दूसरी घटना : शहर के बेनीगंज मोहल्ले में अब्दुल सोहिल नामक युवक के घर पर रात को फायरिंग की गई। जब घरवालों ने खिड़की से झांककर देखा तो मोनू अपने साथी के साथ फायर करते हुए नजर आया। इस दौरान उसने घर पर 6 बार फायरिंग की।

मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस को घटनास्थल से 3 कारतूस बरामद किए हैं। फिलहाल दोनों ही मामलों में CCTV के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। हालांकि पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।