PlayBreaking News

Delhi Election 2025 : दिल्ली की 70 सीटों पर मतदान कल, 699 प्रत्याशी मैदान में... NDA, AAP और कांग्रेस सभी सीटों पर लड़ रही चुनाव

Follow on Google News
Delhi Election 2025 : दिल्ली की 70 सीटों पर मतदान कल, 699 प्रत्याशी मैदान में... NDA, AAP और कांग्रेस सभी सीटों पर लड़ रही चुनाव
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर 5 फरवरी को एक ही चरण में मतदान होगा। इस चुनाव में लोकसभा चुनाव में एक साथ रहे INDIA ब्लॉक की पांच पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ मैदान में हैं। बुधवार सुबह 7 बजे से राष्ट्रीय राजधानी के सभी 70 सीटों पर मतदान के लिए कुल 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं चुनाव के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।

AAP और कांग्रेस सभी सीटों पर आमने-सामने

आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आमने-सामने हैं। वहीं, कम्युनिस्ट पार्टियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है, जिसमें कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) ने 6 सीटों पर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्कसिस्ट (CPM) और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्कसिस्ट लेनेनिस्ट (CPI-ML) ने 2-2 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। भाजपा ने 68 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं और सहयोगी दलों जनता दल-यूनाइटेड (JDU) और लोक जनशक्ति पार्टी-रामविलास (LJP-R) को 2 सीटें दी हैं। जेडीयू बुराड़ी और एलजेपी-रामविलास देवली सीट से चुनाव लड़ रही हैं।

30 सीटों पर NCP लड़ रही चुनाव

महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने भी दिल्ली चुनाव में 30 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने सभी सीटों पर भाजपा का समर्थन किया है। इसके अलावा, बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 70 और असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तिहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने 12 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं।

1.56 करोड़ से अधिक मतदाता चुनेंगे सरकार

चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखी बयानबाजी और लोक-लुभावन वादों की होड़ देखने को मिली। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस बार दिल्ली में 1.56 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 83,76,173 पुरुष, 72,36,560 महिलाएं और 1,267 उभयलिंगी मतदाता शामिल हैं। 18-19 वर्ष के 2,39,905 युवा पहली बार वोट डालेंगे, जबकि 85 वर्ष से अधिक उम्र के 1,09,368 वरिष्ठ नागरिक और 100 वर्ष से अधिक उम्र के 783 मतदाता भी लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेंगे।

चुनाव सुरक्षा और व्यवस्थाएं

  • चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
  • 13,766 मतदान केंद्र और 2,696 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
  • 97,955 कर्मचारी और 8,715 स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं।
  • सुरक्षा के लिए सीआरपीएफ की 220 कंपनियां, 19,000 होमगार्ड जवान, और 35,626 दिल्ली पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
  • पिछले 24 घंटों में सुरक्षा के तहत 340 गिरफ्तारियां हुईं और 1.10 लाख लीटर से अधिक शराब जब्त की गई।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts