दमोह में लुटेरी दुल्हन गैंग का खुलासा, खुशबू राजपूत समेत तीन गिरफ्तार; 3 मोबाइल और 7,700 रुपए जब्त
दमोह में शादी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में लुटेरी दुल्हन खुशबू राजपूत समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल और 7,700 रुपए बरामद किए गए हैं। पुलिस जांच में मालती पटैल के मोबाइल से कई लड़कियों के कूटरचित आधार कार्ड भी मिले हैं।
शादी के नाम पर 1.70 लाख रुपए और जेवर लिए
दमोह देहात थाना क्षेत्र के बांसा तारखेड़ा निवासी दिनेश विश्वकर्मा (38) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक गांव के नर्मदा पटैल ने नीरज पटैल और मालती पटैल, दोनों निवासी कनेरा, थाना जैसीनगर, जिला सागर से मुलाकात कराई थी। इसके बाद जबलपुर के रांझी निवासी खुशबू राजपूत से 20 अप्रैल 2026 को रानगिर मंदिर में दिनेश की शादी कराई गई। शादी कराने के बदले खुशबू राजपूत को 1 लाख 70 हजार रुपए नकद और 2 लाख 40 हजार रुपए के जेवर दिए गए थे।
बहन बनकर आई मालती, दुल्हन को साथ ले गई
शादी के तीन दिन बाद 23 अप्रैल को मालती पटैल दुल्हन खुशबू राजपूत की बड़ी बहन बनकर बांसा तारखेड़ा पहुंची। उसने कुछ दिन बाद खुशबू को वापस भेजने की बात कही और उसे अपने साथ जबलपुर ले गई। इसके बाद खुशबू राजपूत ने दिनेश विश्वकर्मा से कोई संपर्क नहीं किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नर्मदा पटैल, नीरज उर्फ धीरज पटैल, मालती पटैल और खुशबू राजपूत के खिलाफ शादी के नाम पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई धोखाधड़ी की बात
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मामले की जांच की गई। 28 अगस्त को पुलिस ने आरोपी नर्मदा पटैल और मालती पटैल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मालती पटैल ने बताया कि उसने अपने पति नीरज उर्फ धीरज के साथ मिलकर शादी के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपए कमाए थे। पुलिस के मुताबिक नीरज उर्फ धीरज पटैल के खिलाफ पन्ना के अमानगंज में भी लुटेरी दुल्हन से जुड़ा एक अन्य अपराध दर्ज था। वह फिलहाल पन्ना जेल में बंद है।
मोबाइल में मिले कई लड़कियों के कूटरचित आधार कार्ड
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल और 7,700 रुपए जब्त किए। जांच के दौरान मालती पटैल के मोबाइल में कई लड़कियों के कूटरचित आधार कार्ड भी पाए गए हैं। नर्मदा पटैल और मालती पटैल को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जिला जेल दमोह भेज दिया गया।
Janjgir Champa : दो भाइयों का जमीन विवाद बना खूनी जंग, लाठी-डंडों से हमला,महिला की मौत
31 अगस्त को खुशबू राजपूत भी गिरफ्तार
पुलिस ने 31 अगस्त को लुटेरी दुल्हन खुशबू राजपूत को जबलपुर के रांझी से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद खुशबू राजपूत ने राजस्थान के कोटा में भी दूसरी शादी कर ली थी। अब उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं और शादी के नाम पर की गई धोखाधड़ी के संबंध में आगे जांच कर रही है।






















