देश में जानलेवा कोरोना वायरस की रफ्तार खतरनाक तरीके से बढ़ती नजर आ रही है। देश में पिछले 24 घंटों में 56.5 फीसदी तेजी के साथ 90,928 लोग इससे संक्रमित हो गए हैं। यह आंकड़ा पिछले 7 महीने में सबसे ज्यादा है। पिछली बार 10 जून को 91,849 नए मामले आए थे। वहीं ओमिक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या भी 2,630 पहुंच गई है।
Number of #Omicron variant cases rises to 2,630 pic.twitter.com/KiIEBLIdXh
— ANI (@ANI) January 6, 2022
अबतक 4 लाख 82 हजार 876 की मौत
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटों में 325 लोगों की मौत हो गई है। जिसके बाद इस महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 4 लाख 82 हजार 876 हो गई है। वहीं देश में अब एक्टिव मामलों की संख्या बढ़कर 2 लाख 85 हजार 401 हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक, कल 19 हजार 206 लोग ठीक हुए, जिसके बाद अभी तक 3 करोड़ 43 लाख 411 हजार 9 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
देश में अबतक ओमिक्रॉन के 2,630 केस दर्ज
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक देश में कोरोना के ओमिक्रॉन वैरिएंट के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 2,630 हो गई है। देश में इस वेरिएंट से संक्रमित राज्यों की संख्या 26 हो गई है। सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र और राजधानी दिल्ली में हैं। अबतक ओमिक्रॉन से महाराष्ट्र में 797, दिल्ली में 465 और राजस्थान में 236 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
अब तक 148 करोड़ से ज्यादा खुराक दी गईं
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोरोना वायरस रोधी टीकों की 148 करोड़ से ज्यादा खुराक दी जा चुकी हैं। कल 91 लाख 25 हजार 99 डोज दी गईं, जिसके बाद अबतक वैक्सीन की 148 करोड़ 67 लाख 80 हजार 227 डोज दी जा चुकी हैं।