Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन : रंगमहल चौराहे पर मंच गिरने से कई नेता घायल, विधानसभा घेराव के लिए हुए थे एकजुट

भोपाल में कांग्रेस का प्रदर्शन : रंगमहल चौराहे पर मंच गिरने से कई नेता घायल, विधानसभा घेराव के लिए हुए थे एकजुट
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले ही दिन कांग्रेस की किसान इकाई ने विधानसभा का घेराव करने का ऐलान किया था। इसी क्रम में भोपाल के रंगमहल चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, लेकिन इस दौरान कांग्रेस का मंच टूट गया, जिससे 7 से अधिक कार्यकर्ता घायल हो गए। घायलों में मध्य प्रदेश किसान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह चौहान भी शामिल हैं।

कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें

कांग्रेस ने सड़क पर एक मंच बनाया था, जहां नेताओं को भाषण देना था। लेकिन जब बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मंच पर चढ़ गए, तो उसकी क्षमता से अधिक भार पड़ने के कारण मंच ढह गया। घटना के समय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी मंच पर मौजूद थे। मंच गिरने के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आईं। इनमें कांग्रेस नेता राजीव सिंह को अधिक चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायलों को अस्पताल भेजा गया

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मौके पर एंबुलेंस की कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे घायल कार्यकर्ताओं को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाना पड़ा। कांग्रेस ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और इस मामले की जांच की मांग की है।

विधानसभा घेराव की कोशिश, पुलिस ने रोका

कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता भोपाल के रंगमहल चौराहे पर एकत्रित हुए, जहां से उन्होंने रोशनपुरा चौराहा होते हुए विधानसभा की ओर कूच करने की कोशिश की। इससे पहले पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने दावा किया था कि इस बार कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस की लाठियों, डंडों और पानी की बौछारों से नहीं डरेंगे और सरकार को घेरने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। हालांकि, पुलिस ने इस प्रदर्शन को रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। रोशनपुरा चौराहे पर भारी बैरिकेडिंग कर दी गई थी, वहीं वाटर कैनन और टियर गैस के साथ पुलिस बल तैनात था। ये भी पढ़ें- भोपाल : शुरू हुआ मध्य प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र, किसानों के मुद्दों को लेकर कांग्रेस का विधानसभा घेराव की कोशिश, पुलिस मुस्तैद
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts