PlayBreaking News

कांग्रेस विधायक की कार में लगी आग :सिवनी में सड़क पर अचानक आई गाय, अनियंत्रित होकर स्कूल की बाउंड्री से टकरा गई गाड़ी; सभी सुरक्षित

सिवनी जिले में कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की स्कॉर्पियो गाय को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर स्कूल की बाउंड्री से टकरा गई। हादसे के बाद वाहन में आग लग गई। स्थानीय लोगों की मदद से विधायक, गनमैन और ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकाले गए। गाड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई।
Follow on Google News
सिवनी में सड़क पर अचानक आई गाय, अनियंत्रित होकर स्कूल की बाउंड्री से टकरा गई गाड़ी; सभी सुरक्षित

सिवनी।  मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। लखनादौन से कांग्रेस विधायक योगेंद्र सिंह बाबा की स्कॉर्पियो सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने की कोशिश में अनियंत्रित होकर एक स्कूल की बाउंड्री वॉल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कुछ ही देर बाद वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई।

गनीमत रही कि समय रहते विधायक, उनके गनमैन और ड्राइवर को वाहन से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में तीनों को मामूली चोटें आई हैं और प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

बंजारी गांव के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 7 बजे धूमा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (पुराना NH-7) पर बंजारी गांव के पास हुआ। विधायक योगेंद्र सिंह बाबा जबलपुर से अपने गृहग्राम घूरवाड़ा लौट रहे थे। स्कॉर्पियो में विधायक के अलावा उनके गनमैन राजू धुर्वे और चालक अन्नू भी सवार थे।

अचानक सामने आई गाय

प्रत्यक्षदर्शियों और प्रारंभिक जांच के अनुसार, सड़क पर अचानक एक गाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन मोड़ा, लेकिन तेज रफ्तार के कारण कार पर नियंत्रण नहीं रह सका। अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे स्थित बंजारी हाईस्कूल (हर्बल गार्डन) की बाउंड्री वॉल से जा टकराई। टक्कर के बाद वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

Featured News

आग के बाद गाड़ी अंदर से हुई लॉक

हादसे के तुरंत बाद वाहन के अगले हिस्से से धुआं निकलना शुरू हो गया। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के बाद वाहन अंदर से लॉक हो गया था, जिससे कुछ समय के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो गई। हालांकि, आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद की और विधायक सहित सभी सवारों को बाहर निकाल लिया। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि कुछ ही देर बाद पूरी स्कॉर्पियो आग की लपटों में घिर गई।

विधायक, गनमैन और चालक सुरक्षित

हादसे में विधायक योगेंद्र सिंह बाबा को मामूली चोटें आई हैं। वहीं गनमैन राजू धुर्वे भी सुरक्षित हैं। सबसे ज्यादा चोट चालक अन्नू को आई है। उसके चेहरे और होंठ पर कट लगने के कारण टांके लगाने पड़े। सभी घायलों को तत्काल लखनादौन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों के अनुसार, सभी की हालत खतरे से बाहर है।

देखते ही देखते जलकर राख हुई स्कॉर्पियो

हादसे के बाद लगी आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में पूरी स्कॉर्पियो जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह आग की चपेट में आ चुका था। घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें सड़क किनारे खड़ी जलती हुई गाड़ी दिखाई दे रही है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही धूमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने हादसाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे की वजह सड़क पर अचानक गाय का आना और वाहन का नियंत्रण खोना माना जा रहा है।

Breaking News

SDOP ने क्या कहा?

लखनादौन एसडीओपी अपूर्व भलावी ने बताया कि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक ने सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने की कोशिश की थी। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर स्कूल की बाउंड्री वॉल से टकरा गया और बाद में उसमें आग लग गई। उन्होंने बताया कि विधायक, उनके गनमैन और चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए नहीं पहुंचते तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी। दुर्घटना के बाद वाहन में आग लगने और लॉक होने की वजह से कुछ समय के लिए जान का खतरा पैदा हो गया था। हालांकि, ग्रामीणों और राहगीरों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

फिलहाल खतरे से बाहर हैं विधायक

अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार विधायक योगेंद्र सिंह बाबा पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनकी हालत सामान्य है। गनमैन राजू धुर्वे को भी मामूली चोटें आई हैं, जबकि चालक अन्नू का इलाज कर उसे भी घर भेज दिया गया है। 

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts