इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

CM शिवराज ने धार-बड़वानी जिले से की विकास पर्व की शुरुआत, कहा- कांग्रेस परेशान होकर ‘का बा’ गाने और वीडियो बनवा रही

धार/बड़वानी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज विकास पर्व की शुरुआत में धार जिले के कुक्षी और बबड़वानी जिले के नागलवाड़ी में दो बड़ी सिंचाई परियोजनाओं के लोकार्पण कर की है। कुक्षी के मेघनाद में 2771.16 करोड़ की लागत से बनने वाले कुक्षी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया। इससे पहले मेघनाथ घाट पहुंचे और विकास पर्व यात्रा की शुरुआत से पहले सीएम ने नर्मदा नदी के तट पर स्थानीय लोगों के साथ भजन गाया। मध्य प्रदेश की जीवनदायिनी मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की और 551 मीटर लंबी चुनरी भेंटकर प्रदेशवासियों के लिए सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की प्रार्थना की।

कांग्रेस शकुनी और कंस मामा कह रही है : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास की योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के चलते कांग्रेस परेशान होकर ‘का बा’ गाने, वीडियो आदि बनवा रही है और उन्हें शकुनी और कंस मामा कह रही है। वे इस दुबले पतले आदमी से परेशान है कि इसके रहते उनकी सरकार नहीं बन पा रही है। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से पूछा कि वह शकुनी या कंस मामा है क्या, इस पर विशाल जनसभा ने करतल ध्वनि करते हुए नकारात्मक उत्तर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कमलनाथ सरकार ने तो भाजपा सरकार की विभिन्न कल्याणकारी और आवश्यक योजनाओं को बंद कर दिया था।

175 गांव के भाई-बहन होंगे लाभान्वित : सीएम

इस दौरान अपने संबोधन में सीएम शिवराज ने कहा कि आज कुक्षी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन करके मैं विकास पर्व का शुभारंभ कर रहा हूं। आज 2771.16 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कुक्षी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का भूमिपूजन किया गया है। इस सिंचाई परियोजना से 75 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी और 175 गांव के भाई-बहन लाभान्वित होंगे।

मेघनाद घाट से सरदार सरोवर बांध तक क्रूज चलाया जाएगा : सीएम

प्रदेश सरकार ने अकेले धार जिले में 30 हजार 394 किसानों के कर्ज का 47.62 करोड़ का ब्याज भरा है, ताकि वह ब्याज से मुक्त हो सकें। मध्य प्रदेश में विकास पर्व मनाया जा रहा है। अगले एक महीने में प्रदेश में 2 लाख करोड़ के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। नर्मदा मैया के मेघनाद तट पर सौंदर्यीकरण के साथ घाट का निर्माण किया जाएगा। मेघनाद घाट से सरदार सरोवर बांध तक क्रूज चलाया जाएगा। जनजातीय वर्ग के विद्यार्थियों के लिए रोजगार मूलक प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। शहीद चंद्रशेखर आजाद डैम में डही माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना का पानी पहुंचाया जाएगा।

भीलट देव लोक बनाया जाएगा : सीएम

सीएम ने बड़वानी जिले के नागलवाड़ी स्थित भीलट देव मंदिर क्षेत्र को अछ्वुत धर्म क्षेत्र निरूपित करते हुए कहा कि इसे भी महाकाल लोक की तरह ‘भीलट देव लोक’ बना कर विकसित किया जायेगा। उन्होंने बड़वानी जिले के आज के दिन को ऐतिहासिक दिन निरूपित करते हुए कहा पश्चिम निमाड़ में नर्मदा के पानी लाने को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस नेता असंभव मानते थे, लेकिन हमने विभिन्न परियोजनाओं को मूर्त रूप देकर बड़वानी तथा खरगोन जिले में नर्मदा का पानी लाकर किसानों को समृद्ध बनाने का काम किया है।

उद्वहन सिंचाई परियोजना का किया शुभारंभ

सीएम शिवराज ने 1173 करोड़ रुपए लागत से बड़वानी जिले की नागलवाड़ी माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना और 155.72 करोड रुपए लागत की पाटी उद्वहन सिंचाई परियोजना का शुभारंभ किया। नागलवाड़ी परियोजना से बड़वानी जिले के 50 तथा खरगोन जिले के 74 गांव सिंचित होंगे। उन्होंने बड़वानी जिले के अंजड़ तहसील के तलवाड़ा डेब में हाई स्कूल से हायर सेकेंडरी के लिए धरनारत ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस सत्र से वहां हायर सेकेंडरी स्कूल खोल दिया जाएगा।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button