
मध्य प्रदेश के शहडोल में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में बिरसा मुंडा की जयंती मनाई जाएगी, जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भी शिरकत करेंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को शहडोल पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान सीएम ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
सीएम ने कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया
जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की जिला प्रशासन ने लगभग तैयारी पूरी कर ली है। रविवार शाम को सीएम शिवराज शहडोल के लालपुर हवाई पट्टी पर पहुंचे और यहां आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर ही अधिकारियों के साथ खड़े-खड़े बातचीत की। इस दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री के साथ मंत्री बिसाहूलाल सिंह, मंत्री मीना सिंह, विधायक मनीषा सिंह भी मौजूद थीं।
व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
सीएम शिवराज ने शहडोल कलेक्टर बंदना वैद्य से इस कार्यक्रम को लेकर अब तक की गई तैयारियों के संबंध में बातचीत की। सीएम ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति पहली बार मध्य प्रदेश के शहडोल में आयोजित इस जनजातीय गौरव दिवस में हमारी अतिथि बनकर आ रही हैं। इसलिए किसी भी तरह की कार्यक्रम में कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने कमिश्नर राजीव शर्मा तथा एडीजीपी दिनेशचंद्र सागर से भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिए।
सीएम ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम से ही पेसा कानून लागू होगा। सबको साथ में लेकर यह कानून लागू किया जाएगा। इसकी तैयारी में प्रशासन और मंत्री से लेकर कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
पंचायतों में कार्यक्रम का होगा सीधा प्रसारण
बता दें कि 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती पर शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल होंगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है। शहडोल से प्रदेशभर की पंचायतों में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण होगा। जनजातीय गौरव दिवस का राज्यस्तरीय कार्यक्रम शहडोल से रहेगा। इस कार्यक्रम में 11 जिलों से 1 लाख लोग शामिल होंगे। शहडोल संभाग के अलावा आसपास के जिले के लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
ये भी पढ़ें: राष्ट्रपति बनने के बाद पहली बार MP आएंगी द्रौपदी मुर्मू, 15 नवंबर को शहडोल में जनजातीय गौरव दिवस में होंगी शामिल