भोपालमध्य प्रदेशराष्ट्रीय

दिल्ली में CM शिवराज ने किया नए मध्य प्रदेश भवन का लोकार्पण, बोले- यह केवल भवन नहीं, जनता की भावनाएं भी हैं

नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के चाणक्यपुरी क्षेत्र में राज्य प्रदेश सरकार का सर्वसुविधायुक्त ‘मध्य प्रदेश भवन’ बना है। इसका लोकार्पण गुरुवार शाम को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य के सभी मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की उपस्थिति में किया।

मध्य प्रदेश भवन का लोकार्पण करने के बाद सीएम शिवराज ने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश का यह नया भवन यही दर्शाता है कि हमारा राज्य अब तेजी से प्रगति और विकास कर रहा है। मध्य प्रदेश भवन केवल भवन नहीं है, यहां प्रदेश की जनता की भावनाएं भी हैं और आकांक्षाएं भी हैं।

नई दिल्ली में बना 6 मंजिला मध्यप्रदेश भवन।

भवन में कला और सांस्कृतिक धरोहरों प्रदर्शित किया

सीएम शिवराज ने कहा कि यह भवन केंद्र व राज्य के बीच सह अस्तित्व के भाव को और मजबूत करने का कार्य करेगा। कला और सांस्कृतिक धरोहरों को कोलाज, मूर्ति और चित्रों के माध्यम से उत्कृष्टता के साथ प्रदर्शित करने का कार्य किया गया है। मैं वेंकैया जी और श्रद्धेय सुषमा दीदी का इस अवसर पर स्मरण करना चाहूंगा, जिनके प्रयासों से हमें मध्य प्रदेश भवन के लिए यह भूखण्ड प्राप्त हुआ। इस भवन के निर्माण में योगदान देने वाले सभी के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।

लोकार्पण में सीएम के साथ मंत्रियों, सांसदों और विधायकों की उपस्थिति रही।

मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर को सुशोभित किया : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा कि भवन का बाह्य स्वरूप कंदरिया महादेव मंदिर, महाकालेश्वर मंदिर, सांची, बादल महल के साथ ही जनजातीय कलाकृतियों के त्रि-आयामी स्वरूपों में सुशोभित किया है। प्रथम तल पर मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक धरोहर, स्वतंत्रता के नायक तथा जनजातीय लोककला को प्रदर्शित किया गया है। हमारी कोशिश रहेगी कि हमारे मंत्री, विधायक और सांसद के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर हमारे राज्य के अन्य नागरिक भी यहां की सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में बना MP का नया भवन : CM शिवराज आज करेंगे उद्घाटन, जानें सरकार के नए आशियाने की खास बातें

क्या है भवन की खासियत ?

  • डेढ़ एकड़ में लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत से बनकर तैयार हुआ है।
  • इस भवन में 104 रूम बनाए गए हैं, जिसमें 66 डीलक्स रूम और 38 सामान्य रूम के साथ चार वीआईपी सूट रूम भी हैं। मेहमानों को ठहराने के लिए कक्षों में सभी आधुनिक सुविधाएं भी मुहैया कराई गई है।
  • भवन के कॉन्फ्रेंस रूम में एक साथ 45 लोगों के बैठने की व्यव्यस्था है। साथ ही 250 लोगों के बैठने के लिए ऑडिटोरियम भी बनाया गया है।
  • भवन में वीआईपी लाउंज और डाइनिंग रूम में एक साथ 35 लोगों और सामान्य डाइनिंग रूम में 80 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।

भवन का प्रत्येक फ्लोर प्रदेश की अलग संस्कृति को दर्शाता है

ये भवन देश की राजधानी दिल्ली में सबसे सुरक्षित चाणक्यपुरी क्षेत्र में डेढ़ एकड़ में लगभग 150 करोड़ रुपए की लागत से बना है। आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन मध्य प्रदेश भवन में राज्य के संस्कृति, वन्य-जीव, जनजातीय परंपरा, कला और राजनीतिक हस्तियों को भी दर्शाया गया है। 6 फ्लोर में बनकर तैयार हुए नए भवन का प्रत्येक फ्लोर प्रदेश की अलग संस्कृति को दर्शाता है। भवन में बाहर से लेकर अंदर तक हर कदम पर राज्य की धार्मिक, सांस्कृतिक, कला और परंपरा ही नजर आती है।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button