जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

MP News : सिवनी में CM शिवराज ने दी कई सौगातें, मौसम ने कार्यक्रम में डाली खलल; जबलपुर दौरा निरस्त

जबलपुर/सिवनी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सिवनी जिले के केवलारी में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन’ में विकास की कई सौगातें दी। विकास कार्यों का लोकार्पण- भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद महिलाओं पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। साथ ही मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के अंतर्गत हितग्राहियों को भू-खंडों के पट्टे प्रदान किए।

हालांकि, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूरा हो पाता इसके पहले ही मौसम में अचानक बदलाव आ गए, जिससे कार्यक्रम क्षेत्र में अव्यवस्था फैल गई। इस कारण से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को अपना कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा। साथ ही मुख्यमंत्री का जबलपुर दौरा भी निरस्त हो गया।

बहनों की जिंदगी बदलने का महाअभियान है : सीएम

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि महिलाओं का जीवन बदलने वाली सामाजिक क्रांति है। बहनों की जिंदगी बदलने का महाअभियान है। प्रदेश की बहनों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना बनाई गई है। इस योजना में गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवार की बहनों के खाते में हर माह 1000 रुपए डाले जाएंगे।

50 % सीटें बहनों के लिए आरक्षित की है : सीएम

सीएम शिवराज ने कहा कि भाजपा शासन में राजनीति में बहनों को सशक्त बनाया गया। स्थानीय निकाय के चुनावों में 50 प्रतिशत सीटें बहनों के लिए आरक्षित की। बड़ी संख्या में बहनें चुनाव जीतकर आई हैं और अच्छी सरकार चला रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पीने के पानी के लिए जो गांव छूट गए हैं, वे अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं कि उन सभी गांवों में जल जीवन मिशन का पानी आएगा एवं लाल माटी क्षेत्र में सिंचाई से वंचित सभी क्षेत्रों का पुन: सर्वे कर सिंचाई के पानी की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम स्थल से घरों के लिए निकली महिलाएं।

कार्यक्रम से महिलाओं को वापस भेजा

इधर, अचानक से मौसम ने करवट बदल ली। सीएम शिवराज सिंह चौहान के भाषण के बीच तेज आंधी-तूफान के कारण हितग्राहियों का पंडाल का तिरपाल उड़ने लगा। सीएम शिवराज ने अपने भाषण को विराम देते हुए बहनों को सुरक्षित अपने घर तक पहुंचाने के निर्देश कलेक्टर व एसपी को दिए।

इस कार्यक्रम में हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंची थी जिनमें कई महिलाओं का सम्मान भी सीएम के हाथों होना था। कुछ महिलाओं का सम्मान हुआ और मुख्यमंत्री का भाषण चल ही रहा था कि मौसम ने बिगड़ गया।

तेज हवा-आंधी के साथ पड़ी बौछारें

इसी बीच पंडाल का कुछ हिस्सा उखाड़ने व गिरने के कारण कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था फैल गई हैं। महिलाओं ने कार्यक्रम स्थल खाली करना प्रारंभ किया। इसी बीच तेज हवा-आंधी के साथ पानी की बौछार शुरू हो गई, जिसके बाद आनन फानन में कार्यक्रम को समाप्त कर दिया गया।

खराब मौसम के कारण जबलपुर कार्यक्रम निरस्त

बता दें कि इस कार्यक्रम के बाद सीएम शिवराज को जबलपुर में लाड़ली बहना सम्मेलन के आयोजन में जाना था। लेकिन, खराब मौसम के कारण जबलपुर का दौरा निरस्त हो गया है। सीएम शिवराज के मुख्य आतिथ्य में गैरीसन ग्राउंड, जबलपुर में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना महासम्मेलन एवं मुख्यमंत्री भू-अधिकार पत्रों का वितरण कार्यक्रम आयोजित होना था, लेकिन स्थानीय क्षेत्र में मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण उनका हेलिकॉफ्टर नहीं उड़ सका और कार्यक्रम निरस्त हो गया है।

मध्य प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button