Bihar Election 2025 :मुख्यमंत्री बोले-बिहार की जनता विकास चाहती है, इसलिए एनडीए की सरकार बनने जा रही है

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बिहार चुनाव के प्रथम चरण के मतदान को लेकर जनता से लोकतंत्र के इस पर्व में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार की जनता से अपील करता हूं कि लोकतंत्र के इस महायज्ञ में अपने मताधिकार का सही से उपयोग कर अधिक से अधिक अपनी आहुति दें। मीडिया से बात करते हुए डॉ. यादव ने कहा कि 'बिहार की जनता विकास चाहती है, इसलिए फिर एनडीए सरकार बनाने जा रही है।'
राहुल पर निशाना...उनकी बात किसी के गले नहीं उतरती
मुख्यमंत्र डॉ यादव ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब बिहार में प्रथम चरण की वोटिंग शुरू हुई है ऐसे में हरियाणा चुनाव की बात निकालकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे है...उनकी बात किसी के गले उतरने वाली नहीं है। डॉ. यादव ने कहा कि पहले भी उन्होंने चुनाव आयोग और ईवीएम को लेकर भ्रम का माहौल बनाया जिसकी सुप्रीम कोर्ट में धज्जियां उड़ी। डॉ.यादव ने कहा कि मेरी तो यही सलाह है कि राहुल गांधी अपनी गरिमा का ध्यान रखें और ऐसी बातों से बचे।
तेजस्वी, तेजप्रताप, मैथिली, अनंत सिंह की किस्मत का चुनाव
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण का मतदान गुरुवार को जारी है। दोपहर तीन बजे तक राज्य में 53.77 प्रतिशत वोटिंग हुई है। इनमें सबसे ज्यादा वोटिंग बेगूसराय में 59.82% जबकि, सबसे कम वोटिंग पटना में 48.69% हुई है। गौरतलबह है कि पहले चरण में 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान के साथ ही कई सियासी दिग्गजों की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी। तेजस्वी यादव, तेज प्रताप यादव, अनंत सिंह, मैथिली ठाकुर और उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय सिन्हा सहित नीतीश सरकार के 16 मंत्रियों की किस्मत का फैसला पहले चरण में होगा।
दूसरे चरण में 11 नवंबर को होगी वोटिंग
बिहार चुनाव में दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी। इस दिन 122 सीटों के लिए वाटिंग होगी। दोनों ही चरणों की वोटिंग पूरी होने के बाद 14 नवंबर को मतगणना की जाएगी। इस बीच, लखीसराय विधानसभा क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के वाहन पर पथराव की खबर आई। उपमुख्यमंत्री ने इसका आरोप राजद पर लगाया है। बताया जा रहा है कि बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा का काफिला चुनाव प्रबंधन के सिलसिले में इलाके से गुजर रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी पर कीचड़ फेंक दिया और नारेबाजी की।












