CM डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे का दूसरे दिन, निवेश और साझेदारी को लेकर फोकस, विभिन्न क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने पर किया मंथन

दुबई यात्रा के दूसरे दिन मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए कई अहम बैठकों और संवाद कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। उन्होंने उद्योग, टेक्सटाइल, तकनीक, ग्रीन एनर्जी और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश को आकर्षित करने पर खास जोर दिया।
भारतीय कौंसुल जनरल से शिष्टाचार भेंट
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिन की शुरुआत यूएई में भारतीय कौंसुल जनरल से शिष्टाचार भेंट के साथ की। इस दौरान उन्होंने भारत-यूएई व्यापारिक संबंधों और सहयोग के नए रास्तों पर चर्चा की।
स्टार्टअप और एयर कनेक्टिविटी पर बातचीत
मुख्यमंत्री ने “द इंडस एंटरप्रेन्योर्स” (TiE) के चेयरमैन पी.के. गुलाटी से मुलाकात कर स्टार्टअप और नवाचार को लेकर विचार साझा किए। इसके बाद एमिरेट्स एयरलाइंस के अधिकारियों से एयर कनेक्टिविटी और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने पर चर्चा हुई।
ग्रीन एनर्जी कंपनियों से संवाद
डॉ. यादव ने ग्रू एनर्जी जैसी अग्रणी ग्रीन एनर्जी कंपनी और जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (JITO) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इन बैठकों में सतत विकास और पर्यावरण अनुकूल परियोजनाओं पर मध्यप्रदेश की प्राथमिकताएं सामने रखीं।
यूएई के विदेश व्यापार मंत्री से हुई अहम बैठक
मुख्यमंत्री की दोपहर में यूएई के विदेश व्यापार मामलों के मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ियोदी से महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह चर्चा भारत और यूएई के व्यापारिक रिश्तों को और मजबूत बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है।
टेक्सटाइल सिटी का दौरा और पीएम मित्रा योजना की जानकारी
डॉ. यादव ने दुबई टेक्सटाइल सिटी का दौरा किया और टेक्सटाइल उत्पादन एवं निर्यात गतिविधियों का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने एक इंटरेक्टिव सत्र और नेटवर्किंग लंच में भाग लिया, जहां मध्यप्रदेश के पीएम मित्रा पार्क और टेक्सटाइल क्षेत्र की क्षमताओं को प्रस्तुत किया गया।
नामी कंपनियों से निवेश को लेकर मुलाकात
मुख्यमंत्री ने लुलु ग्रुप, सराफ डीजी, ईसा एआई अल गुरैर ग्रुप, गल्फ इस्लामिक इन्वेस्टमेंट्स, जी42 इंडिया और टाटा संस मिडिल ईस्ट जैसी नामचीन कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इन बैठकों में मध्यप्रदेश में संभावित निवेश क्षेत्रों पर चर्चा की गई।
गल्फ महाराष्ट्र बिजनेस फोरम से हुई बातचीत
गल्फ महाराष्ट्र बिजनेस फोरम और एमआईडीसी के साथ हुई बैठक में आपसी सहयोग के नए रास्तों पर विचार किया गया। यह बैठक उद्योगों और व्यापारिक साझेदारी को नई दिशा दे सकती है।
दुबई बिजनेस फोरम में मुख्यमंत्री का संबोधन
दुबई दौरे का समापन “इन्वेस्ट मध्यप्रदेश दुबई बिजनेस फोरम एंड नेटवर्किंग डिनर” के साथ हुआ। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने निवेशकों को संबोधित किया और उन्हें मध्यप्रदेश के औद्योगिक और व्यापारिक अवसरों से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया।
पर्यटन क्षेत्र के लिए विशेष बैठक
इस मौके पर पर्यटन क्षेत्र पर केंद्रित एक विशेष राउंडटेबल मीटिंग भी आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता प्रमुख सचिव पर्यटन ने की। इसमें पर्यटन में निवेश की नई संभावनाओं और योजनाओं पर चर्चा की गई।





















