Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

अक्षय तृतीया पर सामूहिक विवाह सम्मेलन, CM ने उज्जैन में नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, विभिन्न जिलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े

अक्षय तृतीया पर सामूहिक विवाह सम्मेलन, CM ने उज्जैन में नवविवाहित जोड़ों को दिया आशीर्वाद, विभिन्न जिलों में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े
उज्जैन। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को उज्जैन जिले के दाऊदखेड़ी पहुंचे, जहां उन्होंने सामूहिक विवाह समारोह में भाग लिया। इस मौके पर 70 नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें सुखमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं। इसके अलावा सीएम ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित विवाह सम्मेलनों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़कर नवविवाहितों को बधाई दी। बता दें कि मप्र आज कई जगह सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। इंदौर में 200 से ज्यादा स्थानों पर विवाह समारोह होंगे। इनमें से 9 जगह पर सामूहिक विवाह होंगे। भोपाल के फंदा में 151 जोड़े का विवाह है। वहीं, अन्य अलग-अलग विवाह समारोह में 81 जोड़ों की शादी होगी।

सामूहिक विवाह फिजूलखर्ची रोकता

सीएम डॉ. यादव ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा, बिना मुहूर्त का भी सबसे शुभ मुहूर्त यदि कोई है तो वह अक्षय तृतीया है। सामूहिक विवाह फिजूलखर्ची रोकता है और समाज को एकजुट करता है। हमारी सरकार इस योजना के अंतर्गत हर जोड़े को 55 हजार रुपए की सहायता दे रही है। मुख्यमंत्री ने बाबा महाकाल का स्मरण करते हुए कहा कि महाकाल के आशीर्वाद से सभी बेटा-बेटियों का जीवन सुख, समृद्धि और आनंद से परिपूर्ण हो, यही मेरी प्रार्थना है। इस अवसर पर उज्जैन उत्तर विधायक अनिल जैन कालुहेड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

पहलगाम हमले पर सीएम बोले - पीएम ने सेना को दी खुली छूट

सीएम डॉ. मोहन यादव ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले को लेकर सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा, देश के दुश्मनों के खिलाफ पीएम नरेंद्र मोदी ने सेना को पूरी छूट दे रखी है। आज भारत विश्व की पांच महाशक्तियों में शामिल है और हमारी सेना अपनी सीमाओं और नागरिकों की रक्षा के लिए पूरी तरह सक्षम है। मुख्यमंत्री ने इस कायरतापूर्ण आतंकी घटना की कड़ी निंदा करते हुए स्पष्ट किया कि देश अब पहले की तरह चुप बैठने वाला नहीं है, जवाब दिया जाएगा और वह भी निर्णायक रूप से।

भोपाल : फंदा में होगा 151 जोड़ों का विवाह

भोपाल के फंदा क्षेत्र में आयोजित सामूहिक विवाह सम्मेलन में 151 जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। यह आयोजन राजधानी का सबसे बड़ा सामूहिक विवाह समारोह माना जा रहा है। इसके अलावा, बिट्टन मार्केट स्थित दशहरा मैदान में अखिल भारतीय पाल महासभा द्वारा 51 जोड़ों का विवाह कराया जा रहा। वहीं फूल माली समाज ने ईंटखेड़ी में आयोजित समारोह में 19 जोड़ों को परिणय सूत्र में बंधेंगे, जबकि श्री 360 गौत्रिय खटीक समाज सकल पंच द्वारा 11 जोड़ों का विवाह शाहजहांनी पार्क में संपन्न होगा।

इंदौर में भी सैकड़ों जोड़े लेंगे सात फेरे

उधर, इंदौर में 200 से अधिक स्थानों पर विवाह आयोजन होंगे। अकेले ग्राम झलारिया में ही 112 जोड़े सात फेरे लेते नजर आएंगे। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष सुमित सूरी के अनुसार, शहर में मौजूद 125 से अधिक गार्डन में से 70 से ज्यादा गार्डन पूरी तरह बुक हैं। हालांकि, गर्मी के कारण इस बार देव उठनी ग्यारस की तुलना में अक्षय तृतीया पर बुकिंग में थोड़ी कमी देखी गई। ये भी पढ़ें- बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे बाबा रामदेव, पहलगाम हमले पर पाकिस्तान को दिया करारा संदेश, CM से की मुलाकत
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

Latest Posts