भोपालमध्य प्रदेश

चीन के खात्मे के लिए तांत्रिक शक्तियों का होगा इस्तेमाल, राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच ने तैयार किया ये मंत्र

भोपाल। सीमा पर चीन की करतूतों के बीच इसके खात्मे के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच आगे आया है। मंगलवार को मंच के राष्ट्रीय महामंत्री गोलोक बिहारी राय भोपाल पहुंचे। उन्होंने कहा कि चीन के खात्मे के लिए उन सभी विद्याओं, शक्तियों और साधनों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए, जो चीन के विनाश के लिए जरूरी हैं। राय ने कहा कि दुनियाभर में चीन दुष्ट शक्ति के रूप में सामने आया है। यह सिर्फ विस्तारवादी नहीं, बल्कि मानव सभ्यताओं के लिए खतरा है। इसका अशुभ विश्व के लिए शुभ है।

उन्होंने चीन के विनाश के लिए मंत्र – ऊँ हं हं हं उमापतये कैलाशपतये नमः! चीनस्य विनाश कुरु कुरु स्वाहा! भी प्रस्तुत किया। राय ने लोगों से इस मंत्र का जप करने का आग्रह करते हुए कहा कि यह मंत्र चीन के विनाश का एक सहज, लेकिन अत्यंत प्रभावी उपाय है। दुनिया के करोड़ों लोग इस मंत्र का जप करेंगे तो निश्चित ही एक विराट शक्ति का जागरण होगा और यह विश्व कल्याण और चीन के विनाश का साधन बनेगा।

सेना से इतर अभियान, पर सेना की मदद होगी

राय ने कहा कि भारत सहित दुनिया के तमाम देशों में दुष्ट और नकारात्मक शक्तियों के विनाश के लिए महाविद्याओं का इस्तेमाल होता है। प्राचीन भारत का पूर्वोत्तर इन विद्याओं का मुख्य केंद्र रहा है। देश के अनेक संगठन, साधक और विद्वान चीन के विनाश की कामना कर रहे हैं। विश्वकल्याण और मानवता की रक्षा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच इन सभी शक्तियों को जोड़ने और सक्रिय करने की कोशिश करेगा। इसके तहत भारत सहित दुनियाभर में जन-जागरण का अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान सरकार और सेना से इतर तो होगा, लेकिन कई मायनों में यह सेना का सहयोग भी करेगा। इस अभियान का साधन होगा महाविद्या अर्थात तंत्र-विद्या। देश-दुनिया के तांत्रिकों, महाविद्या के विशेषज्ञों, साधकों और देशभक्त विद्वानों का आशीर्वाद और सहयोग से यह अभियान सफल होगा। आने वाले समय में देश के विभिन्न हिस्सों में तारिक सम्मलेन, यज्ञ सम्मलेन, अनुष्ठान, मंत्र जाप आदि का आयोजन होगा। इस विधा के द्वारा देशभक्ति और मानवता की भावना जागृत होगी। मंत्र का जाप और अनुष्ठान देशभक्ति की अभिव्यक्ति का माध्यम बनेगा।

मंत्र के जाप से विराट शक्ति पैदा होगी

राय ने देशभक्त और अन्य लोगों से भी इस मंत्र के जप का आग्रह भी किया। राय ने कहा कि यह मंत्र चीन के विनाश का सहज लेकिन अत्यंत प्रभावी उपाय है। यह चीन के लिए मारक-मंत्र सिद्ध होगा। दुनिया की करोड़ों मानवता-प्रिय जनता जब विभिन्न भाषाओं मैं इस मारक मंत्र का जप करेगी तो निश्चित ही एक विराट शक्ति का जागरण होगा। यह मशक्ति पूरी मानवता, विश्व कल्याण और चीन के विनाश का साधन बनेगी।

MP Transfer : पुलिस विभाग में तबादले… बदले गए इस जिले के SP, जानें किसे कहां की मिली जिम्मेदारी

संबंधित खबरें...

Back to top button