Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शिवराज की भाजपा के नए पदाधिकारियों को दो टूक- प्रचार-प्रसार से दूर रहना, वरना बाद में कोई भटे के भाव नहीं पूछेगा

सीएम ने कहा- आज आप जिस पद पर हैं उसका सम्मान हो रहा है, कोई और होता तो उसका सम्मान होता
भोपाल। प्रदेश भाजपा कार्यालय में शनिवार को सात मोर्चों और 17 प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें सरकार की योजनाओं और संगठन के कामकाज को लेकर जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को प्रचार-प्रसार की राजनीति से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि होर्डिंग, बैनर, पोस्टर में चेहरा दिखाने के चक्कर में मत रहना, वरना बाद में कोई भटे के भाव नहीं पूछेगा। आपके कामकाज से ही आपकी पहचान होगी। शिवराज ने कहा- प्रचार-प्रसार का गोल्डन पीरियड निकल चुका है। आज आप जिस पद पर हैं उसका सम्मान हो रहा है। अगर कोई और इस पद पर होता है तो उसका सम्मान होता। किसी को कोई गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए। अगर काम नहीं करोगे तो भुला दिए जाओगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में जुट जाने के लिए कहा।

सरकारी योजनाओं के कार्यक्रम में मौजूद रहें कार्यकर्ता

सीएम ने ये भी समझाया कि सरकारी योजनाओं का क्रेडिट भाजपा के कार्यकर्ताओं को लेना होगा। यह आपकी सरकार है। ऐसा मैसेज नहीं जाना चाहिए कि जिले में कलेक्टर ने व्यवस्था कर दी। राशन वाले ने राशन दे दिया और खत्म। कार्यकर्ताओं की मौजूदगी सरकारी योजनाओं के कार्यक्रमों के दौरान जरूरी है। उन्होंने कहा- भाजपा कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं की जिम्मेदारी भी संभालें।

हल्की बातें करने से बचें पदाधिकारी और कार्यकर्ता: शर्मा

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने भी नए पदाधिकारियों को नसीहत दी। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को सार्वजनिक तौर से हल्की बात करने से बचना चाहिए। मीडिया और सोशल मीडिया में सोच-समझ कर बोलें और लिखें। क्योंकि विरोधी उन्हें कैप्चर करने की कोशिश करेंगे। सभी मोर्चों से अगले सालभर के कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने को कहा। इसके साथ ही उप चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में इनकी उपस्थिति रही
इससे पहले बैठक की शुरुआत सीएम शिवराज सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, संगठन महामंत्री सुहास भगत, संगठन महामंत्री हितेंद्र शर्मा ने प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चों के प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा प्रभारी और प्रकोष्ठ संयोजकों ने की। उधर, भाजपा के आईटी और सोशल मीडिया विभाग के संयोजकों और सह संयोजकों ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों की उपस्थिति में पद्भार ग्रहण किया।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts