Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेटे की हत्या के आरोप में मां और उसका प्रेमी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए

छिंदवाड़ा के बनगांव में 19 वर्षीय राजा कहार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां राजकुमारी कहार और उसके प्रेमी रोहणी नंदा को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम में रस्सी से गला घोंटने की पुष्टि हुई। पुलिस के अनुसार, मां और प्रेमी ने हत्या की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय ने जेल भेज दिया।
Follow on Google News
बेटे की हत्या के आरोप में मां और उसका प्रेमी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
बेटे की हत्या के आरोप में मां और उसका प्रेमी गिरफ्तार

छिंदवाड़ा। जिले के ग्राम बनगांव में 19 वर्षीय युवक राजा कहार की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने उसकी मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पर युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप है। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया है। इसके बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

घर में संदिग्ध हालत में मिला था शव

22 अगस्त 2026 को ग्राम बनगांव निवासी राजा पिता बबलू कहार (19) का शव उसके घर में संदिग्ध अवस्था में मिला था। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की और शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच के दौरान पुलिस को राजा के गले पर रस्सी से गला दबाने के निशान मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी डॉक्टर ने उसकी मौत लिगेचर स्ट्रैंगुलेशन यानी रस्सी से गला घोंटने के कारण दम घुटने से होना बताया।

मां के प्रेमी को घर से जाने के लिए कहता था राजा

पुलिस जांच में सामने आया कि राजा के पिता बबलू कहार की करीब 10 साल पहले मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी मां राजकुमारी कहार अपने प्रेमी रोहणी नंदा के साथ घर में रह रही थी। पुलिस के मुताबिक, राजा को अपनी मां के साथ रोहणी नंदा का घर में रहना पसंद नहीं था। इसी बात को लेकर तीनों के बीच कई बार विवाद होता था।

Breaking News

16 अगस्त की रात हुआ था विवाद

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त की शाम करीब 6 बजे राजा शराब के नशे में घर आया था। उसने रोहणी नंदा से कहा कि वह उसकी मां के साथ उसके घर में न रहे और घर से चला जाए। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। बताया गया कि इसी दौरान राजकुमारी कहार ने भी राजा से कहा कि रोहणी नंदा घर में ही रहेगा, उसे रहना है तो रहे, नहीं तो वह घर छोड़कर चला जाए। इसके बाद तीनों के बीच विवाद हुआ।

सुबह मृत मिला राजा

17 अगस्त की सुबह करीब 7 बजे राजकुमारी ने अपने परिवार के लोगों को बताया कि राजा रात में खाना खाने के बाद सोया था और सुबह मृत मिला। उसे राजा की मौत का कारण पता नहीं होने की बात कही गई। हालांकि, राजा के गले पर चोट और रस्सी से गला घोंटने जैसे निशान मिलने के बाद परिजनों और गवाहों ने उसकी मां राजकुमारी और रोहणी नंदा पर हत्या का संदेह जताया।

पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया

मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रथम दृष्टया राजकुमारी कहार और रोहणी नंदा के खिलाफ हत्या और पुलिस को गुमराह करने से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अजय पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक महेन्द्र भगत ने टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मृतक के परिजनों से पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Shyam Sahu
By Shyam Sahu

छिंदवाड़ा के वरिष्ठ पत्रकार हैं। 25 वर्षों का अनुभव अपने क्षेत्र में शासन प्रशासन की खबरें पाठकों त...Read More

Latest Posts