प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम ने बदली छिंदवाड़ा के जीशान अली की राह, केंद्रीय वित्त मंत्री के सामने साझा किया अनुभव

छिंदवाड़ा। सौंसर-मोहगांव हवेली निवासी जीशान अली पिता फिरोज अली ने अपनी उपलब्धि से जिले का नाम रोशन किया है। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम के तहत मिले अनुभव को उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के समक्ष साझा किया। जीशान ने बताया कि उन्हें इस योजना की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली थी। इसके बाद उन्होंने PMIS पोर्टल पर आईडी बनाकर आवेदन किया और महिंद्रा एंड महिंद्रा कंपनी का चयन किया। कंपनी की ओर से साक्षात्कार के लिए बुलाए जाने के बाद उन्होंने सात दिवसीय प्रशिक्षण पूरा किया और इंटर्न के रूप में चयनित हुए।
इंजन की गुणवत्ता जांचने की सीखी तकनीक
इंटर्नशिप के दौरान जीशान ने महिंद्रा एंड महिंद्रा के इंजन विभाग के गुणवत्ता अनुभाग में काम किया। उनका मुख्य कार्य इंजन परीक्षण और उसके प्रदर्शन की जांच करना था। इस दौरान उन्होंने इंजन टेस्टिंग, विभिन्न प्रदर्शन मापदंडों तथा इंजन की गुणवत्ता और कार्यक्षमता को परखने से जुड़ी महत्वपूर्ण तकनीकी बारीकियां सीखीं। जीशान ने बताया कि कंपनी के मेंटर, अधिकारियों और वरिष्ठ कर्मचारियों ने हर कदम पर उनका सहयोग किया और तकनीकी विषयों को धैर्यपूर्वक समझाया।
ये भी पढ़ें: छतरपुर में दुर्लभ जन्म का मामला, बच्चे के चार हाथ और चार पैर; कंजॉइंड ट्विन्स का केस बताया गया
इंटर्नशिप से बढ़ा आत्मविश्वास
जीशान ने कहा कि इस इंटर्नशिप ने उनके आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ाया है। अब उन्हें किसी नए कार्य को करने में डर या झिझक महसूस नहीं होती। बड़ी कंपनी में काम करने का अवसर मिलने पर उन्होंने खुशी और गर्व जताया। उन्होंने अपने कॉलेज के दोस्तों के साथ भी इंटर्नशिप के दौरान मिले अनुभव साझा किए। उनका कहना है कि व्यावहारिक अनुभव ने उनके सीखने की प्रक्रिया को और बेहतर बनाया है।
छोटे गांव से केंद्रीय वित्त मंत्री तक पहुंचा अनुभव
जीशान की उपलब्धि पर नगर युवा कांग्रेस मोहगांव हवेली के प्रभारी सैय्यद जुबेर अली ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि छोटे से गांव से निकलकर केंद्रीय वित्त मंत्री के सामने अपने अनुभव साझा करना पूरे मोहगांव हवेली और सौसर तहसील के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि जीशान की यह उपलब्धि क्षेत्र के दूसरे युवाओं को भी प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम जैसी योजनाओं का लाभ उठाने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
ये भी पढ़ें: प्रेमिका को पाने के लिए प्रेमी ने रची खौफनाक साजिश, 2 मासूमों का अपहरण कर कुएं में फेंका, दोनों के मिले शव





















