Chhindwara News :फोन पर बात करते-करते गिरे भाजपा पार्षद, हार्ट अटैक से मौत; CCTV में कैद हुई घटना

छिंदवाड़ा नगर निगम के भाजपा पार्षद और भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश डेहरिया का हार्ट अटैक से निधन हो गया। कॉलोनी में टहलते समय फोन पर बात करते हुए वे अचानक सड़क पर गिर पड़े। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई। उनके निधन से भाजपा और शहर में शोक की लहर है।
फोन पर बात करते-करते गिरे भाजपा पार्षद, हार्ट अटैक से मौत; CCTV में कैद हुई घटना
छिंदवाड़ा में भाजपा पार्षद लोकेश डेहरिया का निधन

छिंदवाड़ा नगर निगम के भाजपा पार्षद और भाजपा अनुसूचित जाति (एससी) मोर्चा के जिलाध्यक्ष लोकेश डेहरिया (48) का बुधवार रात अचानक हार्ट अटैक आने से निधन हो गया। उनकी असामयिक मौत से शहर में शोक की लहर है। घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुई है।

फोन पर बात करते हुए अचानक गिरे

जानकारी के अनुसार, लोकेश डेहरिया रोज की तरह रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद टहलने निकले थे। इस दौरान वे मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। तभी अचानक उन्हें सीने में तेज दर्द हुआ और वे सड़क पर गिर पड़े। सीसीटीवी फुटेज में वे चलते-चलते अचानक गिरते हुए दिखाई देते हैं।

राहगीरों ने पहले नहीं समझी गंभीरता

घटना के बाद कुछ समय तक वहां से गुजरने वाले लोगों को उनकी हालत की गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ। कई लोगों ने उन्हें नशे की हालत में समझकर अनदेखा कर दिया। कुछ देर बाद कॉलोनी निवासी गौरव चौधरी ने उन्हें देखा और स्थिति गंभीर समझते हुए स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

Breaking News

मौत से पहले किया था आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट

लोकेश डेहरिया सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते थे। निधन से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने छिंदवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अजय पांडे को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी पोस्ट साबित होगी।

जनसेवा में हमेशा रहे सक्रिय

लोकेश डेहरिया भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष, नगर निगम के पार्षद और मेहरा-डेहरिया समाज के अध्यक्ष थे। वे अपने सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के लिए जाने जाते थे। हाल ही में 12 जून को सांसद विवेक बंटी साहू ने उनके जन्मदिन पर उनके साथ केक काटकर शुभकामनाएं दी थीं। वहीं 15 जून को वे भोपाल में कैबिनेट मंत्री संपत्तिया उइके से भी मिले थे।

निधन से शहर में शोक की लहर

लोकेश डेहरिया के निधन की खबर मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके जाने से छिंदवाड़ा ने जनसेवा के लिए समर्पित एक सक्रिय और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को खो दिया।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...

Latest Posts