Chhattisgarh Youth Congress Election :छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव का ऐलान, 29 मई से शुरू होंगे नामांकन

युवा कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के चुनाव की तारीखों का ऐलान हो गया है। 29 मई से नामांकन शुरू होंगे। 18 से 35 साल के युवा चुनाव लड़ सकेंगे। आवेदन के साथ लाइव फोटो, दस्तावेज और 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना अनिवार्य होगा।
छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव का ऐलान, 29 मई से शुरू होंगे नामांकन

युवा कांग्रेस की छत्तीसगढ़ इकाई के चुनाव कार्यक्रम का ऐलान कर दिया गया है। प्रदेशभर में ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर नई टीम के गठन के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई से शुरू होगी। चुनाव और सदस्यता अभियान इस बार ऑनलाइन माध्यम से आयोजित किए जाएंगे।

ब्लॉक और जिला स्तर के लिए 29 मई से नामांकन

जानकारी के मुताबिक, ब्लॉक और जिला कमेटियों के चुनाव के लिए 29 मई से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के पदों के लिए 11 जून से 13 जून तक आवेदन लिए जाएंगे।

15 जून से होगी स्क्रूटनी

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 15 जून से 18 जून तक दस्तावेजों की जांच यानी स्क्रूटनी की जाएगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया एक साथ ऑनलाइन शुरू होगी।

18 से 35 साल के युवा लड़ सकेंगे चुनाव

युवा कांग्रेस में सदस्य बनने और चुनाव लड़ने के लिए उम्र सीमा 18 से 35 साल तय की गई है। आवेदन करने वाले युवाओं को अपना लाइव फोटो, वोटर आईडी कार्ड और उम्र से जुड़े दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे।

Breaking News

8 सेकंड का वीडियो अपलोड करना अनिवार्य

इस बार आवेदन प्रक्रिया में एक नया नियम भी जोड़ा गया है। उम्मीदवारों को आवेदन के साथ 8 सेकेंड का वीडियो भी अपलोड करना होगा। इस वीडियो में आवेदक को खुद अपनी जानकारी और आवेदन से जुड़ी बात बतानी होगी।

‘एक व्यक्ति-एक पद’ का नियम लागू

चुनाव प्रक्रिया में ‘एक व्यक्ति-एक पद’ का नियम लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार केवल एक ही पद के लिए नामांकन कर सकेगा। साथ ही, नामांकन दाखिल करते ही उसे अपने पुराने पद से मुक्त माना जाएगा।

दिल्ली में इंटरव्यू के बाद होगी नियुक्ति

प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे अहम पदों पर नियुक्ति राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी के बाद की जाएगी। इसके लिए उम्मीदवारों का दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने इंटरव्यू भी लिया जाएगा। पार्टी सूत्रों के अनुसार, चुनाव के साथ-साथ सदस्यता बढ़ाने का लक्ष्य भी पदाधिकारियों को दिया गया है।

Shivani Gupta
By Shivani Gupta

शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

Latest Posts