Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

छतरपुर में नाबालिग लड़की से गैंगरेप :बस स्टैंड से अगवा कर ले गए युवक, आधी रात चौराहे पर छोड़ भागे; CCTV में कैद हुए आरोपी

मध्य प्रदेश के छतरपुर में 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी लड़की से गैंगरेप का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बस स्टैंड से अगवा कर तीन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस जांच में जुटी है। आरोपियों पर इनाम घोषित कर 10 टीमें तलाश में लगाई गई हैं।
बस स्टैंड से अगवा कर ले गए युवक, आधी रात चौराहे पर छोड़ भागे; CCTV में कैद हुए आरोपी
सांकेतिक तस्वीर

छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शहर के मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र से 17 वर्षीय नाबालिग आदिवासी लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में गैंगरेप, अपहरण और पॉक्सो एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। पीड़िता देर रात बस स्टैंड पर अकेली थी। इसी दौरान तीन दरिंदों ने उसे अपना शिकार बना लिया। वारदात के बाद आरोपी उसे कार से शहर के बीच चौराहे पर छोड़कर फरार हो गए।

बस स्टैंड पर अकेली थी पीड़िता

पुलिस के मुताबिक, नाबालिग लड़की शुक्रवार रात करीब 10 बजे अपने एक परिचित के साथ छतरपुर बस स्टैंड पहुंची थी। कुछ देर बाद वह परिचित उसे वहीं छोड़कर चला गया। इसके बाद लड़की रात बिताने के लिए बस स्टैंड और आसपास किसी सुरक्षित जगह की तलाश कर रही थी। इसी दौरान दो युवक उसके पास पहुंचे और मदद करने का झांसा देने लगे। आरोपियों ने लड़की से कहा कि वे उसे ठहरने की जगह दिलवा देंगे।

भागने लगी तो जबरन स्कूटी पर बैठाया

पीड़िता को जब युवकों की हरकतों पर शक हुआ तो उसने वहां से भागने की कोशिश की। आरोप है कि तभी दोनों युवकों ने उसे जबरन पकड़ा और स्कूटी पर बैठाकर अपने साथ ले गए। आरोपी उसे बस स्टैंड के पास ही एक कमरे में ले गए, जहां पहले से तीसरा युवक मौजूद था। कमरे में तीनों ने मिलकर नाबालिग के साथ गैंगरेप किया। पीड़िता के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है।

Featured News

वारदात के बाद चौराहे पर छोड़कर भागे

दुष्कर्म के बाद आरोपी पीड़िता को कार में बैठाकर रात करीब ढाई बजे छत्रसाल चौक के पास छोड़कर फरार हो गए। शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे पुलिस को लड़की बदहवास हालत में मिली। इसके बाद मामला सामने आया और पुलिस हरकत में आई। पीड़िता ने पुलिस को पूरी घटना बताई, जिसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

CCTV फुटेज में दिखे आरोपी

पुलिस को बस स्टैंड, मुसाफिरखाने और आसपास के इलाकों से कई CCTV फुटेज मिले हैं। एक फुटेज में युवक लड़की को पकड़कर ले जाता दिखाई दे रहा है, जबकि दूसरे वीडियो में दो आरोपी उसे जबरन स्कूटी पर बैठाकर ले जाते नजर आ रहे हैं। पुलिस अब इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। आसपास के होटल, लॉज और दुकानों के कैमरे भी खंगाले जा रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में जुटीं 10 टीमें

मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी ने फरार आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि, आरोपियों के अहम सुराग मिल चुके हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Breaking News

पुलिस ने क्या कहा?

सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने बताया कि, पीड़िता की शिकायत पर गैंगरेप, अपहरण, पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। उन्होंने बताया कि लड़की को गांव से लेकर आने वाले परिचित युवक से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह लड़की को बस स्टैंड पर अकेला छोड़कर क्यों चला गया था।

होटल या सुनसान कमरे में हुई वारदात?

पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात किसी होटल में हुई या बस स्टैंड के आसपास किसी सुनसान कमरे में। शहर में चर्चा है कि आरोपियों ने नाबालिग को निजी होटल के कमरे में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया, हालांकि पुलिस अभी इसकी पुष्टि नहीं कर रही है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts