Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

केंद्र सरकार ने ममता बनर्जी को रोम जाने की नहीं दी अनुमति, दीदी ने कहा- मुझसे जलते हैं मोदी

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अगले महीने रोम में होने वाले विश्व शांति सम्मेलन के लिए जाने की अनुमित देने से इनकार कर दिया है। ममता बनर्जी को सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया था। अनुमति नहीं मिलने पर ममता ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मोदी उनसे जलते हैं।

क्या कहा ममता ने

''आप मुझे नहीं रोक पाओगे, मैं विदेशों में जाने के लिए लिए उत्सुक नहीं हूं, लेकिन यह देश के सम्मान से जुड़ा है। आप हिंदू के बारे में बात करते हो, मैं भी एक हिंदू महिला हूं। आप क्यों मुझे इजाजत नहीं देते? आप पूरी तरह से ईर्ष्यालु हैं।'' ममता के साथ तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता देबांग्शु भट्टाचार्य ने ट्वीट किया कि केंद्र ने दीदी के रोम दौरे को अनुमति नहीं दी है। उन्होंने इससे पहले चाइना के दौरे की अनुमति भी रद्द कर दी थी। हमने भारत के हित और अंतरराष्ट्रीय संबंधों को देखते हुए उस फैसले को स्वीकार किया था। लेकिन अब इटली क्यों मोदी जी, बंगाल के साथ आपको क्या समस्या है, छी।

क्या दिया कारण

टीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार अनुमति नहीं देते हुए केंद्र सरकार के एक पत्र मिला था। पत्र में कहा गया था कि यह कार्यक्रम किसी राज्य के मुख्यमंत्री की भागीदारी के अनुरूप नहीं है।

सिर्फ ममता को बुलाया

कैथोलिक एसोसिएशन (रोम) के सेंट एगिडियो के समुदाय के अध्यक्ष ने ममता बनर्जी को कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया था। भारत से सिर्फ उन्हें ही आमंत्रण मिला था। ममता के अलावा पोप फ्रांसिस, एंजेला मर्केल (जर्मन चांसलर) और एचई अहमद अल-तैयब (मिस्र के अल अलझर के सबसे बड़े इमाम) सहित कई अन्य लोग 6-7 अक्टूबर को सम्मेलन में हिस्सा ले सकते हैं।
Piyush Singh Rajput
By Piyush Singh Rajput

Latest Posts