Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

साहिल खान सहित तीन लोगों पर केस दर्ज, बॉडी बिल्डर मनोज पाटिल को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप

मुंबई। मॉडल और बॉडी बिल्डर मनोज पाटिल के आत्महत्या की कोशिश के बाद अभिनेता साहिल खान सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर किया गया है। इन सभी पर मनोज पाटिल को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुताबिक मुंबई पुलिस ने इसकी पुष्टि की है। वहीं मनोज अभी मुंबई के कूपर अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका इलाज चल रहा है।

साहिल खान पर लगाए थे गंभीर आरोप

मनोज के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने आत्महत्या का कदम इसलिए उठाया कि वो साहिल खान से बुरी तरह परेशान थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक मनोज पाटिल ने थाने में साहिल खान के खिलाफ रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी। अपने सुसाइड नोट में मनोज ने लिखा कि साहिल की प्रताड़ना और बदनामी के चलते वो ये कदम उठा रहे हैं।

उत्पीड़न का आरोप

मनोज पाटिल ने गुरुवार की सुबह अपने घर पर कथित तौर पर नींद की गोलियां खाकर खुदकुशी की कोशिश की। जिसके बाद उन्हें कूपर अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

साहिल ने बताया पब्लिसिटी स्टंट

स्टाइल अभिनेता साहिल खान ने बॉडी बिल्डर मनोज पाटिल के आत्महत्या की कोशिश के मामले को पब्लिसिटी स्टंट बताया है। साहिल खान ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जहां उन्होंने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। साहिल का कहना है कि यह पूरा मामला मनोज पाटिल और एक अन्य व्यक्ति राज फौजदार के बीच है। उन्होंने कहा कि ‘अगर शिकायत हुई है तो मुंबई पुलिस जो एक्शन लेगी मैं उसको मानूंगा और मेरे ख्याल से अगर मैं गलत हूं तो मुझे सजा मिलनी चाहिए लेकिन अगर मैं गलत नहीं हूं और ये बहुत बड़ा रैकेट है तो आप लोग इस रैकेट का खुलासा कीजिए। सच का साथ दीजिए।‘

साहिल खान ने रखा अपना पक्ष

साहिल ने अपने एक साक्षात्कार में कहा, मैं सोशल नेटवर्किंग साइट के जरिए राज फौजदार नाम के एक लड़के से मिला था। वह दिल्ली का रहने वाला है। उसने एक वीडियो बनाया था कि मनोज पाटिल ने उससे 2 लाख रुपए लिए और उसे एक्सपायर्ड स्टेरॉयड बेचा। इसके बाद उसे दिल और त्वचा की समस्याएं पैदा हो गई। उन्होंने कहा कि फौजदार के पास वित्तीय लेनदेन के सभी बिल और रसीदें हैं। फौजदार इस मामले में सोशल मीडिया का समर्थन चाहते थे और इसीलिए मैंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर वीडियो शेयर कर दूसरों से उनका समर्थन करने की अपील की थी। साहिल ने आगे कहा, मैंने कहा था कि स्टेरॉयड रैकेट बंद होना चाहिए। फौजदार का कहना था कि मनोज पाटिल उसका पैसा नहीं लौटा रहा है। फौजदार ने पैसे की व्यवस्था के लिए अपनी मोटरसाइकिल तक बेच दी थी। उन्होंने कहा कि मुझे हैरानी है कि पाटिल ने अपने सुसाइड नोट में राज का नाम नहीं लिया और न ही इस पूरे प्रकरण का जिक्र किया।

लड़के का दिया साथ

साहिल ने कहा, मैंने सिर्फ उस लड़के का समर्थन किया है और स्टेरॉयड बेचने के खिलाफ खड़ा हुआ हूं। क्योंकि, यह हमारे देश में एक अपराध है। अगर वह लड़का एक्सपायर्ड स्टेरॉयड का सेवन करने के बाद मर गया होता तो क्या होता? उन्होंने कहा कि यह एक सांप्रदायिक कोण के साथ प्रचार स्टंट हो सकता है। इस मामले में मेरा कोई सीधा संबंध नहीं है।
Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts