Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

फोन में Ludo खेलते हुए ट्रक चला रहा था भारतीय ड्राइवर :मां-बेटे को कुचला, 2022 में हुआ था हादसा; अब कबूला जुर्म

कनाडा के क्यूबेक में 2022 के भीषण सड़क हादसे में भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवर ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मोबाइल पर गेम खेलते समय ट्रक चलाने से मां-बेटे की मौत हो गई थी। आरोपी को आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है, कोर्ट जून में फैसला सुनाएगा।
मां-बेटे को कुचला, 2022 में हुआ था हादसा; अब कबूला जुर्म

टोरंटो। कनाडा के क्यूबेक प्रांत में 2022 में हुआ एक सड़क हादसा अब एक अहम मोड़ पर पहुंच गया है। इस हादसे में भारतीय मूल के ट्रक ड्राइवर बलजीत सिंह ने अदालत में अपना जुर्म कबूल कर लिया है। कोर्ट से उसे उम्रकैद की सजा हो सकती है। मोबाइल पर गेम खेलते हुए ट्रक चलाने की लापरवाही ने एक मां और उसके 11 साल के बेटे की जान ले ली, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कैसे हुआ हादसा? 

यह हादसा 19 जुलाई 2022 की रात क्यूबेक के ब्रॉसार्ड इलाके में हाईवे-30 पर हुआ था। उस समय बलजीत सिंह 53 फीट लंबे ट्रैक्टर-ट्रेलर को चला रहा था। सड़क पर निर्माण कार्य के कारण ट्रैफिक धीमा था, लेकिन वह अपनी रफ्तार नियंत्रित नहीं कर पाया। नतीजतन, ट्रक ने कई वाहनों को टक्कर मार दी और एक बड़ा पाइलअप हो गया, जिसमें कुल 7 वाहन शामिल थे।

मोबाइल बना हादसे की वजह

जांच में खुलासा हुआ कि, हादसे के समय ड्राइवर मोबाइल फोन पर व्यस्त था। रिपोर्ट के मुताबिक, दुर्घटना से पहले एक घंटे के अंदर उसने 18 बार फोन का इस्तेमाल किया था। टक्कर के समय वह मोबाइल पर लूडो गेम खेल रहा था, जिससे उसका ध्यान पूरी तरह सड़क से हट गया और यह हादसा हो गया।

Featured News

मां-बेटे की मौके पर मौत, कई घायल

इस भीषण हादसे में 42 वर्षीय महिला और उनके 11 साल के बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों अपनी कार में यात्रा कर रहे थे, जो सीधे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में 10 अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हुए, जिनमें कई को फ्रैक्चर, सिर में चोट और अंदरूनी रक्तस्राव जैसी गंभीर समस्याएं हुईं।

डैशकैम फुटेज में सामने आई सच्चाई

पुलिस जांच के दौरान ट्रक की डैशकैम फुटेज अहम सबूत साबित हुई। फुटेज में ड्राइवर को लगातार लापरवाही से गाड़ी चलाते, लेन बदलते और मोबाइल इस्तेमाल करते देखा गया। इससे साफ हुआ कि वह लंबे समय से ट्रैफिक नियमों की अनदेखी कर रहा था और हादसा उसकी लापरवाही का नतीजा था।
फॉरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार, टक्कर से ठीक पहले ड्राइवर के पास रिएक्शन के लिए केवल 0.35 सेकंड का समय था। अगर वह सतर्क रहता और समय पर ब्रेक लगाता, तो इस हादसे को टाला जा सकता था। लेकिन मोबाइल में उलझे रहने के कारण वह यह मौका गंवा बैठा।

Breaking News

हादसे के बाद फरार, फिर गिरफ्तारी

हादसे के बाद बलजीत सिंह ने शुरुआती पूछताछ के बाद कनाडा छोड़ दिया और भारत आ गया। वह लंबे समय तक विदेश में रहा और बाद में अमेरिका पहुंच गया। उसके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय वारंट जारी किया गया, जिसके बाद अगस्त 2025 में उसे कैलिफोर्निया से गिरफ्तार किया गया और सितंबर 2025 में कनाडा प्रत्यर्पित किया गया।

कोर्ट में कबूला जुर्म, अब सजा का इंतजार

मॉन्ट्रियल के लॉन्ग्युइल कोर्ट में पेश होकर बलजीत सिंह ने खतरनाक ड्राइविंग से मौत और खतरनाक ड्राइविंग से गंभीर चोट जैसे आरोपों में खुद को दोषी माना है। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में है और जून 2026 में उसकी सजा सुनाई जाएगी।

कनाडा के कानून के अनुसार, डेंजरस ड्राइविंग कॉजिंग डेथ जैसे मामलों में दोषी पाए जाने पर आरोपी को आजीवन कारावास तक की सजा हो सकती है। कोर्ट इस मामले को गंभीर लापरवाही मानते हुए कड़ी सजा दे सकता है।

Manisha Dhanwani
By Manisha Dhanwani

मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

Latest Posts