
लोकसभा की 3 और विधानसभा की 7 सीटों पर हुए उपचुनाव के नतीजे आज आएंगे। मतगणना रविवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। इन सीटों पर 23 जून को वोटिंग हुई थी। इस उपचुनाव में सबसे अहम सीटें उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ और रामपुर हैं। दोनों ही लोकसभा सीटों पर कड़ी टक्कर मानी जा रही है।
रामपुर में बीजेपी 6872 वोटों से आगे
रामपुर में बीजेपी के घनश्याम सिंह लोधी ने बढ़त बनाई है। चुनाव आयोग के मुताबिक, अब तक सपा के असीम रजा को 271719, बीजेपी के लोधी को 278591 वोट मिले हैं।
आजमगढ़ में निरहुआ 5864 वोटों से आगे
आजमगढ़ में दिनेश लाल यादव निरहुआ 5864 वोटों से आगे चल रहे हैं। सपा के धर्मेंद्र यादव दूसरे नंबर पर हैं।
संगरूर में 30 हजार वोटों की गिनती बाकी
पंजाब की संगरूर सीट पर शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) से सिमरनजीत सिंह मान 6843 से ज्यादा वोटों से आगे हैं।
आंध्र प्रदेश: आत्मकूर में वाईएसआर कांग्रेस की जीत
आंध्र प्रदेश की आत्मकूर सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने जीत हासिल की है। यहां प्रत्याशी एम. विक्रम रेड्डी ने 82,742 वोटों से अपने निकटतम प्रत्याशी भाजपा के जी भरत कुमार को हराया है।
त्रिपुरा: टाउन बारडोवली से सीएम मानिक साहा जीते
त्रिपुरा की टाउन बारदोवाली सीट से भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री मानिक साहा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने 6104 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं जबराजनगर सीट से भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं। सूरमा सीट पर भी भाजपा को बढ़त है। वहीं अगरतला में कांग्रेस प्रत्याशी सुदीप रॉय बर्मन आगे चल रहे हैं।
इन सीटों पर हुए उपचुनाव
तीन लोकसभा सीट : उत्तर प्रदेश की आजमगढ़ और रामपुर, पंजाब की संगरूर सीट।
सात विधानसभा सीट : दिल्ली की राजेंद्र नगर, झारखंड की मंदार, आंध्र प्रदेश की आत्मकुर और त्रिपुरा की अगरतला, टाउन बोरदोवाली, सूरमा और जुबाराजगर सीट।
इसी साल खाली हुई थीं तीनों लोकसभा सीटें
इनमें उत्तर प्रदेश की दो और पंजाब की एक लोकसभा सीट शामिल है। इसके अलावा, त्रिपुरा की चार और आंध्र प्रदेश, झारखंड और दिल्ली की एक-एक विधानसभा सीट पर भी वोट डाले गए थे। बता दें कि तीनों लोकसभा सीटें इसी साल विधानसभा चुनाव के बाद खाली हुई थीं। यूपी की आजमगढ़ से अखिलेश यादव और रामपुर सीट से आजम खान ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इसी तरह, पंजाब की संगरूर सीट से सांसद रहे भगवंत मान ने विधानसभा चुनाव जीतने पर सीट छोड़ दी थी।
आजमगढ़ में त्रिकोणीय मुकाबला
सदर लोकसभा क्षेत्र को आज अपना नया सांसद मिल जाएगा। हालांकि चुनाव में 13 प्रत्याशी खड़े हैं, लेकिन मुख्य मुकाबला भाजपा के दिनेश लाल निरहुआ, सपा के धर्मेद्र यादव और बसपा के शाह आलम गुड्डू जमाली के बीच रहा है।